नाथूसरी चोपटा में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ किसानों का रोष प्रदर्शन, नहरी पानी बाराबंदी के विरोध में 3 दिसंबर को महिलाएं करेंगी मटका फोड़ प्रदर्शन
नाथूसरी चोपटा/सिरसा, 28 नवंबर। नहरों और माइनरों में पानी की बाराबंदी के विरोध में संयुक्त किसान संगठन ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। शनिवार को संगठन के बैनर तले नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के 11 गांवों में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ जोरदार रोष प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
इस दौरान किसान नेताओं ने ग्रामीणों को फतेहाबाद के लघु सचिवालय में चल रहे पक्के धरना स्थल पर तीन दिसंबर को महिलाओं द्वारा किए जाने वाले मटका फोड़ प्रदर्शन तथा 15 दिसंबर को आयोजित होने वाली महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का निमंत्रण दिया।
11 गांवों में चलाया जनसंपर्क अभियान, 40 दिन बाद बारी आने से गहराएगा संकट
जनसंपर्क अभियान के तहत किसान नेताओं और सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टरों के काफिले के साथ गांव जोगीवाला, चाहरवाला, रामपुरा बगडियां, कागदाना, कुम्हारिया, खेड़ी, गुसाईआना, राजपुरा साहनी, जसानियां, जांडवाला और दैयड़ का दौरा किया। विभिन्न गांवों में किसानों को संबोधित करते हुए किसान समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा, किसान नेता रणधीर सिंह जोधका, मनदीप नथवान, रोहताश पूनिया शाहपुरिया, सतीश बैनीवाल, मुकेश बैनीवाल, दरिया सिंह चाहरवाला, बलदेव सिंह चाहरवाला और भूपी बैनीवाल कागदाना ने नहरी पानी के नए शेड्यूल पर कड़ा एतराज जताया।
किसान नेताओं ने कहा कि नहरों व माइनरों में 16 दिन पानी बंद रहने के बाद केवल आठ दिन पानी छोड़े जाने का कार्यक्रम क्षेत्र के किसानों के लिए भारी परेशानी का सबब बनेगा। इस व्यवस्था के चलते किसानों को अपने खेतों की सिंचाई के लिए अगली बारी आने में करीब 40 दिन का लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
रबी सीजन के दौरान इतने लंबे अंतराल के कारण फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाएगा, जिससे पैदावार प्रभावित होने का खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि नहरबंदी का असर केवल खेती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीणों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट भी खड़ा हो सकता है।
फतेहाबाद लघु सचिवालय में 15 दिसंबर को महापंचायत, तय होगी अगली रणनीति
संयुक्त किसान संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नहरों में पानी की इस बाराबंदी के खिलाफ संघर्ष को और मजबूत किया जाएगा। फतेहाबाद के लघु सचिवालय में चल रहे पक्के धरने पर तीन दिसंबर को महिलाएं मटका फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराएंगी। इसके बाद 15 दिसंबर को फतेहाबाद में विशाल महापंचायत बुलाई गई है, जिसमें आंदोलन की आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। नेताओं ने क्षेत्र के सभी किसानों और ग्रामीणों से अपने हकों की आवाज बुलंद करने के लिए एकजुट होकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।

