रंगोत्सव 2026-27में चोपटा खंड का शानदार प्रदर्शन, मंजू शर्मा और विक्रम कुमार करेंगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिरसा का प्रतिनिधित्व
चोपटा। । रंगोत्सव कार्यक्रम 2026-27 के तहत सिरसा के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी खंडों के प्रतिभागियों ने विभिन्न कला वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में नाथूसरी चोपटा खंड के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया।
पारंपरिक लोक संगीत वर्ग में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाथूसरी चोपटा की मंजू शर्मा ने 'मस्त कलंदर' सूफी कव्वाली की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने शास्त्रीय संगीत वर्ग में राग भैरवी प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। उनकी प्रस्तुतियों ने संगीत के प्रति उनकी प्रतिभा और समर्पण को दर्शाया।
वहीं, पुरुष वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जोड़कियां के विक्रम कुमार ने वाद्य यंत्रों पर आधारित लोक संगीत प्रतियोगिता में शानदार धुनों का वादन किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और चोपटा खंड में खुशी का माहौल है।
मंजू शर्मा और विक्रम कुमार अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सिरसा का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों प्रतिभागियों की इस उपलब्धि पर विद्यालयों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाथूसरी चोपटा के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार सहित स्टाफ सदस्यों रविंद्र कुमार, मनोज राघव, कुलदीप दलाल, दलबीर शर्मा, राजवीर बेनीवाल, सुनीता कुमारी, मीनाक्षी, शिखा अरोड़ा, पुष्पा रानी, रंजना, एवीआरसी नीरज रानी, अनीता देवी तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने इस उपलब्धि पर बधाई दी।
उन्होंने दोनों प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी अपनी प्रतिभा के दम पर जिले का नाम रोशन करेंगे।

