रानियां में जैन साध्वी मंडल का चातुर्मास हेतु मंगल प्रवेश, 29 जुलाई से शुरू होंगे धार्मिक कार्यक्रम
चातुर्मास के पावन अवसर पर पंजाब श्रमणी गौरव ममता जी महाराज की शिष्या एवं राष्ट्र ज्योति सुमन जी महाराज की सुशिष्या संयम निधि वृष्टि जी महाराज, प्रवचन सूर्या विजेता जी महाराज तथा जप साधिका दीपिका जी महाराज सहित ठाणा-3 का रविवार को रानियां स्थित श्री एस.एस. जैन सभा में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। साध्वी मंडल के आगमन से नगर का वातावरण श्रद्धा, संयम और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो गया।
यह जानकारी देते हुए अधिवक्ता नरेश जैन ने बताया कि साध्वी मंडल दो दिन पूर्व श्रावक अनिल जैन एडवोकेट के निवास पर विराजमान था। रविवार प्रातः 7:30 बजे वहां से पदविहार प्रारंभ हुआ, जो नगर के मुख्य बाजारों से होते हुए लगभग 8:15 बजे श्री एस.एस. जैन सभा पहुंचा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मंगल वंदना के साथ साध्वी मंडल का भावपूर्ण स्वागत किया। महिलाओं एवं बालिकाओं ने सिर पर कलश धारण कर स्वागत गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा नगर भक्ति और उत्साह के रंग में रंग गया।

जैन सभा में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए महासाध्वी संयम निधि वृष्टि जी महाराज ने कहा कि चातुर्मास आत्मशुद्धि, तप, संयम और आध्यात्मिक साधना का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने कहा कि इन चार महीनों में प्रत्येक व्यक्ति को तपस्या, स्वाध्याय और भगवान महावीर स्वामी के उपदेशों का श्रवण कर अपने जीवन को सार्थक बनाने का प्रयास करना चाहिए।
प्रवचन सूर्या विजेता जी महाराज ने कहा कि जैन साध्वीगण चातुर्मास के दौरान एक स्थान पर निवास कर जिनशासन की प्रभावना, धर्म प्रचार तथा समाज को सदाचार और संयम का संदेश देती हैं। वहीं जप साधिका दीपिका जी महाराज ने शास्त्र वाचन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मधुर भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में साध्वी मंडल ने मंगल वाणी प्रदान कर सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। श्रद्धालुओं ने भी मंगल भजनों एवं अपने विचारों के माध्यम से साध्वी मंडल का स्वागत किया।
नरेश जैन ने बताया कि रानियां में चातुर्मास का शुभारंभ आगामी 29 जुलाई से होगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर जगरूप लाल जैन, राजकुमार जैन, रविंद्र जैन, राकेश जैन (सरदूलगढ़), मोहन लाल जैन (गंगानगर), विनोद जैन कुमार, मोहन जैन, इन्द्रजीत जैन, सुरेन्द्र जैन, अनिल जैन एडवोकेट, बंटी जैन, मुकेश जैन, योगेश जैन, बहादर जैन, घंटी जैन, साहिल जैन, सोमप्रकाश, कुशल जैन, हिमांश जैन, यशपाल जैन, मुलख राज, स्वर्ण सिंह जज, दीदार सिंह, मुकेश बांसल सहित फतेहाबाद, टोहाना एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
