सांस्कृतिक उत्सव में साहूवाला-द्वितीय स्कूल का शानदार प्रदर्शन, तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान
नाथूसरी चौपटा। खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह ढिढारिया के नेतृत्व में डिपार्टमेंट ऑफ स्कूल एजुकेशन द्वारा आयोजित खंड स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव-2026 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहूवाला-द्वितीय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने कई प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
9वीं से 12वीं कक्षा वर्ग में तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान
विद्यालय के विद्यार्थियों ने 9वीं से 12वीं कक्षा वर्ग की सोलो फोक डांस, फोक ग्रुप डांस और स्किट प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग की रागिनी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया गया।
सिरसा के 6 गांवों में सिंचाई के पानी का संकट, किसानों का धरना; अवैध पाइप-मोटर हटाने की मांग
5वीं से 8वीं कक्षा वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन
5वीं से 8वीं कक्षा वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ग की रागिनी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान, जबकि सोलो फोक डांस और फोक ग्रुप डांस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया गया।
प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को दी बधाई
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मंजू पूनिया ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
शिक्षकों और सहयोगियों का विशेष योगदान
प्रतियोगिताओं की तैयारी में टीम इंचार्ज सुमन, म्यूजिक टीचर विक्रम, कोरियोग्राफर रेणु, ढोलक वादक कुलदीप, कंप्यूटर टीचर राजेश तथा गणित टीचर संजीव कुमार का विशेष योगदान रहा।
विद्यालय परिवार ने विद्यालय प्रबंधन समिति और ग्राम पंचायत के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।

