सिरसा: पद्मश्री सविता पूनिया को फार्मेसी एसोसिएशन ने किया सम्मानित
सिरसा। गवर्मेंट फार्मेसी ऑफिसर एसोसिएशन हरियाणा ने भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं पद्मश्री सम्मान से अलंकृत सविता पूनिया को सम्मानित किया। एसोसिएशन ने उनके उत्कृष्ट खेल योगदान एवं देश का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए यह सम्मान दिया। सविता पूनिया सिरसा जिले के जोधकां गांव की रहने वाली विख्यात हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारी रहे उपस्थित
सम्मान समारोह में एसोसिएशन के राज्य प्रधान जगदीप, राज्य उपप्रधान प्रदीप जांगू, जिला प्रधान प्रदीप गर्ग, चीफ फार्मेसी ऑफिसर सुभाष चंद्र, सीनियर ज्वाइंट सेक्रेटरी आरके सुखचैन सहित प्रदेशभर से आए अनेक फार्मेसी ऑफिसर उपस्थित रहे।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं सविता
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि सविता पूनिया की उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण से नई पीढ़ी को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा मिलती है। ग्रामीणांचल से निकलकर अपनी मेहनत के बलबूते पर पद्मश्री जैसे अवार्ड प्राप्त करना अपने आप में एक मिसाल है।
पद्मश्री सम्मान के बाद गांव पहुंचीं सविता
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सविता पूनिया को पद्मश्री से सम्मानित किया था। सम्मान मिलने के बाद वह पहली बार अपने पैतृक गांव जोधकां पहुंचीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, परिवार, कोच, साथी खिलाड़ियों, गांव और देश की हर उस बेटी का है जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत कर रही है।
कोच को समर्पित किया पद्मश्री
सविता पूनिया ने हिसार पहुंचकर अपना पद्मश्री पुरस्कार अपने कोच आजाद मलिक को समर्पित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सविता ने बताया कि उन्होंने करीब नौ साल तक हिसार के एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान पर अभ्यास किया और आज वह अपने कोच आजाद मलिक के मार्गदर्शन से इस मुकाम तक पहुंची हैं।
