सिरसा में फिर गरजा बुलडोजर, 8 एकड़ की अवैध कॉलोनी ध्वस्त, 3 दुकानें और गैराज सील
सिरसा जिला नगर योजनाकार विभाग ने बुधवार को शहरी क्षेत्र के अंतर्गत गांव शमशाबाद की राजस्व सीमा में सिरसा-केलनिया रोड पर लगभग 8 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 3 दुकानों और एक मोटर गैराज को सील कर दिया गया, वहीं कच्चे रास्ते, बिजली के पोल और सीवरेज लाइन को ध्वस्त कर दिया गया।
2 से 3 घंटे चली कार्रवाई, पुलिस बल रहा मौजूद
यह कार्रवाई करीब 2 से 3 घंटे तक चली। इस दौरान भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी (बुलडोजर) की मदद से अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया। कॉलोनाइजर खुलेआम प्लॉट आवंटित करने और बेचने में लगे हुए थे।
डीटीपी कर्मवीर झांझड़िया ने क्या कहा?
जिला नगर योजनाकार (DTP) कर्मवीर झांझड़िया ने बताया कि शमशाबाद में कुछ दिनों से अवैध तरीके से निर्माण कर कॉलोनी काटने का काम चल रहा था। सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। भूमि मालिक को भी चेतावनी दी गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बढ़ी सख्ती
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में सिरसा में अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध जिला नगर योजनाकार की रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बाद से डीटीपी विभाग की सख्ती बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने पिछले 3 वर्षों में की गई कार्रवाई का ब्योरा भी मांगा था।
अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के प्रावधान
अवैध कॉलोनी काटने वाले व्यक्तियों के खिलाफ पापरा एक्ट-1995 (संशोधित 2024) के अनुसार 5 से 10 साल तक की कैद और 25 लाख रुपये से 5 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा, सिरसा जिला प्रशासन ने उन व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला किया है, जिन्होंने नोटिस मिलने के बावजूद विध्वंस शुल्क जमा नहीं किया है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
केलनियां रोड पर यह पहली बार नहीं है जब डीटीपी विभाग ने अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की हो। इससे पहले भी विभाग ने नोटिस जारी किए थे, लेकिन कॉलोनी काटने वाले नहीं माने। पिछले वर्ष भी इस एरिया में अभियान चलाया गया था, जिसमें डीपीसी, नींव, पाइपों और कच्ची सड़कों को तोड़ा गया था। फिर भी गतिविधियां नहीं रुकीं। वर्ष 2023 में नोटिस भेजकर गतिविधियां रोकने के आदेश दिए गए थे। डीटीपी ने राजस्व विभाग और तहसीलदार को पत्र लिखकर रजिस्ट्रियां रोकने की भी गुजारिश की थी।
जिले भर में अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा
सिरसा जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। जिला नगर योजनाकार विभाग ने ऐलनाबाद में भी कुछ अवैध कॉलोनियां चिह्नित की हैं और कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा, डबवाली में पंचायती जमीन पर किए जा रहे अवैध कब्जे के खिलाफ भी प्रशासन ने कार्रवाई की। जिला नगर योजनाकार विभाग प्राथमिक सर्वे के अनुसार कई अवैध कॉलोनियों के खसरा नंबर चिन्हित कर रहा है।
अवैध कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले रहें सावधान
डीटीपी कर्मवीर झांझड़िया ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले संबंधित विभाग से कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य कर लें। इससे भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा या आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता है। अवैध कॉलोनियों में भूखंड खरीदने वाले लोगों को बाद में कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
