सिरसा अनाज मंडी में किसानों व आढ़तियों को नहीं होगी परेशानी, खरीद से पहले मंडी की सड़के होगीं चकाचक
हरियाणा/सिरसा: रबी की फसल गेहूं और सरसों के खरीद सीजन से पहले सिरसा अनाज मंडी के बाहर दोनों तरफ की टूटी सड़कों का निर्माण कार्य वीरवार को शुरू हो गया है। दी एसोसिएशन आढ़तियान अनाज मंडी के प्रधान प्रेम बजाज ने मार्केट कमेटी सचिव के साथ इन निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया और कहा कि इस बार मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों और आढ़तियों को उठान में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
अनाज मंडी के पास शिव चौक से कबीर चौक और जगदेव चौक से अरोड़वंश चौक तक सड़क बनने का काम तेजी से चल रहा है। इस निर्माण कार्य को शुरू करवाने के लिए मंडी एसोसिएशन ने सिरसा के उपायुक्त, एसडीएम, मार्केट कमेटी सचिव और भाजपा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह का विशेष तौर पर आभार जताया है।
मंडी प्रधान प्रेम बजाज ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य इस सड़क निर्माण को फसल का सीजन शुरू होने से बिल्कुल पहले पूरा करवाना है। उन्होंने कहा कि पिछले सीजन में खराब रास्तों की वजह से सरकारी खरीद के बाद गेहूं उठान में जो देरी हुई और किसानों को जो भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी थीं, वैसी स्थिति इस बार किसी भी कीमत पर पैदा नहीं होने दी जाएगी।
वीरवार को हुए इस निरीक्षण के दौरान सड़क बनाने के काम में कुछ कमियां भी सामने आईं। मंडी प्रधान ने तुरंत मौके पर मौजूद मार्केट कमेटी सचिव को इन खामियों की जानकारी दी। इस पर सचिव ने आढ़तियों को पूरा भरोसा दिलाया कि इन सभी कमियों को जल्द ही दूर करके सड़क का काम बेहतरीन तरीके से पूरा करवाया जाएगा ताकि भारी वाहनों की आवाजाही सुचारू रहे।
मौके पर सड़क के काम का जायजा लेने के दौरान एसोसिएशन के उप प्रधान राजू सुधा, महासचिव राजेंद्र नढा और कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल समेत मंडी के कई प्रमुख आढ़ती मौजूद रहे। इसके अलावा धर्मपाल जिंदल, अनीश गर्ग, पवन गर्ग, अशोक खट्टर, सुभाष कम्बोज, रंजीत गुजरानी और मंगत राय गर्ग ने भी मंडी का काम सुचारू रूप से चलने की उम्मीद जताई है।
