https://www.choptaplus.in/

सिरसा नागरिक अस्पताल के जनरेटर में लगी भीषण आग, लोड बढ़ने से हुआ हादसा

 
सिरसा सिविल अस्पताल के जनरेटर में लगी आग बुझाते कर्मचारी

सिरसा के नागरिक अस्पताल (सिविल अस्पताल) में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल परिसर में रखे मुख्य जनरेटर में भारी लोड के कारण अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और उसमें भीषण आग लग गई। इस घटना से एक बार के लिए अस्पताल में एक बार के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अस्पताल कर्मचारियों और मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़ा नुकसान होने से बच गया।

यह आग अस्पताल के मेन गेट की पार्किंग के पास और मानसिक स्वास्थ्य केंद्र वार्ड के ठीक सामने रखे जनरेटर में लगी। दरअसल, मंगलवार सुबह से ही अस्पताल की बिजली कटी हुई थी, जिससे ओपीडी और वार्डों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही थीं। मरीजों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने जनरेटर चालू करवाया, लेकिन पूरे अस्पताल का भारी लोड पड़ने से जनरेटर के मेन स्विच (इनबॉक्स) में स्पार्किंग हुई और तारों ने भयानक आग पकड़ ली।

Sirsa Civil Hospital Generator Fire Incident Today

आग भड़कते ही अस्पताल के इलेक्ट्रीशियन और अन्य कर्मचारी तुरंत अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) लेकर दौड़ पड़े। इसी दौरान अस्पताल के बाहर वाहनों की चेकिंग कर रही ट्रैफिक पुलिस की टीम ने भी धुआं उठता देखा और वे तुरंत अंदर आकर आग बुझाने में जुट गए। मरीजों के परिजनों ने भी इस दौरान पूरी मदद की। इन सभी के त्वरित प्रयासों से दमकल विभाग की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया।

Sirsa Civil Hospital Generator Fire Incident Today

गनीमत रही कि आग केवल जनरेटर की तारों तक ही सीमित रही और आसपास की बिल्डिंग में नहीं फैली। इस घटना में जनरेटर की मुख्य तारें जलकर नष्ट हो गई हैं। आग बुझने के बाद इलेक्ट्रीशियन नई लाइन बिछाने के काम में लग गए हैं और जनरेटर की मरम्मत के लिए विशेष मैकेनिक को बुलाया गया है। फिलहाल जनरेटर खराब होने और बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण मरीजों को भारी उमस के बीच खुले आसमान के नीचे बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है।
 

Rajasthan