सिरसा में सीएम नायब सैनी का बड़ा एक्शन: नगर परिषद के JE टर्मिनेट, ME-XEN को चार्जशीट और DMC की 1 महीने की सैलरी कटी
सिरसा, 22 नवंबर: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा के पंचायत भवन में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में नगर परिषद की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की है। गलियों के निर्माण से जुड़े यूसीएस मामले में गड़बड़ी सामने आने के बाद सीएम ने संबंधित जेई को टर्मिनेट करने, एमई और एक्सईएन को चार्जशीट जारी कर टर्मिनेशन की कार्रवाई करने व डीएमसी की एक महीने की सैलरी काटने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा, संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आज ही एफआईआर दर्ज करने और उसकी प्रॉपर्टी की जांच करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मेजरमेंट बुक और मौके के काम में मिला बड़ा अंतर
बैठक के दौरान नगर परिषद से जुड़े यूसीएस मामले की शिकायत रखी गई। शिकायतकर्ता और नगर पार्षद संजीव रातूसरिया, दीपक बंसल और राजेंद्र जांगड़ा ने मुख्यमंत्री के सामने अपना पक्ष रखा। शिकायत में बताया गया कि मेजरमेंट बुक (एमबी) में गलियों के निर्माण कार्य की एंट्री ज्यादा दिखाई गई है, जबकि मौके पर गलियों का निर्माण कम पाया गया। इस मामले में मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन ने भी अपना पक्ष रखा, लेकिन काम में भारी गड़बड़ी को देखते हुए सीएम ने अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिए ये 5 बड़े आदेश
- संबंधित जेई को टर्मिनेट करने के आदेश।
- एमई और एक्सईएन को चार्जशीट जारी करने और टर्मिनेशन की कार्रवाई के निर्देश।
- डीएमसी की एक महीने की सैलरी काटने का आदेश।
- संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आज ही मुकदमा (एफआईआर) दर्ज करवाने के निर्देश।
- ठेकेदार की प्रॉपर्टी की जांच करवाने के आदेश।
पंचायत भवन पहुंचने पर हुआ स्वागत
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिरसा पंचायत भवन पहुंचने पर वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान गोबिंद कांडा ने मुख्यमंत्री के साथ सिरसा के विकास से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर संक्षिप्त बातचीत भी की। स्वागत के समय इन्द्रोष गुज्जर, लक्ष्मण राम गुज्जर, हरिप्रकाश शर्मा, विजय यादव सहित भाजपा के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे। नगर परिषद के इस मामले में मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अब संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।

