https://www.choptaplus.in/

हरियाणा के सिरसा: कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर लगी रोक, खुली बोतलों में पेट्रोल-डीजल देने पर भी पाबंदी

सिरसा में गैस बुकिंग का नियम बदला: अब 25 दिन में बुक होगा सिलेंडर, प्रशासन ने कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान
 
 
सिरसा में गैस और पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी रोकने के लिए डीएफएससी की बैठक
Haryana/Sirsa: अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के मद्देनजर सिरसा जिला प्रशासन ने गैस और पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। 11 मार्च को जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक (DFSC) हरवीर ने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि किसी भी हाल में घरेलू गैस और ईंधन की कमी नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में गैस कंपनियों द्वारा जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई है, जिसके चलते प्रशासन ने वितरण पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी टीमें गठित की हैं।
Sirsa Gas and Petrol Diesel Supply Updates
सिरसा में गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने कसी कमर, जमाखोरी रोकने के सख्त निर्देश।

खुली बोतलों और ड्रम में पेट्रोल-डीजल देने पर पाबंदी, बुकिंग अवधि 25 दिन हुई

डीएफएससी हरवीर ने पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आमजन को खुली बोतलों या ड्रमों में पेट्रोल-डीजल न दिया जाए। यह फैसला ईंधन के अनावश्यक भंडारण और संभावित कालाबाजारी को रोकने के लिए लिया गया है। वहीं, गैस एजेंसी प्रतिनिधियों ने बैठक में बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। हालांकि, गैस कंपनियों द्वारा अब सिलेंडर बुकिंग की अवधि को बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को गैस की डिलीवरी पहले की तरह ही केवल ओटीपी (OTP) आधारित प्रणाली के जरिए ही दी जाएगी और भविष्य में भी यही नियम लागू रहेगा।

घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकेंगी विशेष टीमें, प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील

कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद होने के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है। इसे रोकने के लिए जिला प्रशासन ने केंद्रवार विशेष टीमों का गठन किया है जो कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखेंगी। पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों ने आश्वस्त किया है कि सिरसा जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। डीएफएससी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक वस्तुओं की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, जिले में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।
 

Rajasthan