हरियाणा के सिरसा में अरनियावाली रोड पर 3 एकड़ में बस रही अवैध कॉलोनी पर चला डीटीपी का पीला पंजा, निर्माण ध्वस्त
सिरसा शहरी राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत गाँव शाहपुर बेगू और अरनियावाली रोड के पास बिना अनुमति विकसित की जा रही करीब 3 एकड़ की अवैध कॉलोनी पर बुधवार (11 मार्च) को जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां हो रहे अवैध निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।
बिना मंजूरी 3 एकड़ में हो रहा था निर्माण, डीटीपी की सख्त चेतावनी
जिला नगर योजनाकार कर्मवीर झाझडिय़ा ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि यह कॉलोनी बिना किसी वैध अनुमति के विकसित की जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नागरिकों से अपील: डीलर और भू-मालिकों के झांसे में आकर न फंसाएं जीवन भर की पूंजी
अवैध कॉलोनियों पर लगातार हो रही कार्रवाई के बीच डीटीपी ने आम नागरिकों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा है कि लोग अपनी जीवन भर की पूंजी ऐसे अवैध निर्माणों या डीलरों और भू-मालिकों द्वारा काटी जा रही अवैध कालोनियों में निवेश न करें। प्रशासन द्वारा समय-समय पर इन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे कहीं भी अपनी पूंजी निवेश करने से पहले, किसी भी कार्य दिवस पर जिला नगर योजनाकार कार्यालय में आकर जमीन की वैधता के बारे में पूछताछ कर सकते हैं।
