https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में 8 और 9 अप्रैल को ठप हो सकती हैं आपातकालीन सेवाएं, जाने क्या है वजह

 
Fire department employees and union leaders planning strike in Sirsa Haryana

सिरसा। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन राज्य कमेटी के आह्वान पर 8 व 9 अप्रैल को प्रस्तावित दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में राज्य प्रधान राजेंद्र सिन्द के नेतृत्व में एक जत्थे ने जिला सिरसा के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों का दौरा कर कर्मचारियों की सभाएं आयोजित कीं और उन्हें हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

इस दौरान आयोजित सभाओं में अग्निशमन कर्मचारियों ने एकजुट होकर 8-9 अप्रैल की हड़ताल में शामिल होने का संकल्प लिया। जनसंपर्क अभियान में यूनियन के कैशियर सुखदेव सिंह, कार्यकारिणी सदस्य रामपाल शर्मा, जयप्रकाश तथा जिला प्रधान राजेश खीचड़ सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

राज्य प्रधान राजेंद्र सिन्द एवं महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि फरीदाबाद के मुजेसर सेक्टर-24 स्थित कालकाजी स्टील कंपनी में भीषण आगजनी व विस्फोट के दौरान शहीद हुए अग्निशमनकर्मी भवी चंद शर्मा व रणवीर सिंह को अभी तक शहीद का दर्जा, उचित मुआवजा व उनके आश्रितों को नौकरी नहीं दी गई है, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अन्य घटनाओं में तत्परता से सहायता प्रदान करती है, जबकि फायर कर्मियों के मामले में अनदेखी की जा रही है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही फायर कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो यह दो दिवसीय हड़ताल अनिश्चितकालीन आंदोलन का रूप ले सकती है।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान मदन लाल खोथ व जिला सचिव रमेश सैनी ने भी कर्मचारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तुरंत हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य सह सचिव मनोज अटवाल व बलवंत सरबटा ने घोषणा की कि फायर कर्मचारियों की हड़ताल को पूर्ण समर्थन दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 8 व 9 अप्रैल को नगरपालिका कर्मचारी सड़कों पर उतरकर उल्टा झाड़ू प्रदर्शन करेंगे और यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर के 50 हजार पालिका कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे। बैठक में सर्वकर्मचारी संघ सिरसा ब्लॉक प्रधान ललित सोलंकी, नगरपालिका कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान नरेश चौहान, सुरजीत सिंह बेदी, सहित दमकल विभाग के राज्य नेता सुरेंद्र, रणबीर फगोड़िया, ऋषि सिहाग, राजिंदर, अजय पासी, सुनील दत्त फोरमैन, कर्ण फायर मेन एवं अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।

Rajasthan