सिरसा में गैस एजेंसियों पर खाद्य आपूर्ति विभाग का औचक निरीक्षण, जानिए उपभोक्ताओं से क्या बोले अधिकारी
Updated: Mar 12, 2026, 15:54 IST
सिरसा 12 मार्च। ईरान-इजराइल के मध्य चल रहे युद्ध के कारण घरेलू गैस की संभावित कालाबाजारी को रोकने और एलपीजी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सिरसा में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह के आदेश पर यह कार्रवाई की गई, ताकि उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत का सामना न करना पड़े।
भूपेंद्रा गैस सर्विस के गोदाम की हुई जांच, 14 और 19 किलो के सिलेंडरों की हुई गणना
इस कार्रवाई के दौरान सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी राहुल कुमार के नेतृत्व में टीम ने सिरसा स्थित भूपेंद्रा गैस सर्विस के गोदाम के स्टॉक की गहन जांच की। टीम ने गोदाम में रखे 14 किलो और 19 किलो सहित सभी व्यावसायिक और घरेलू गैस सिलेंडरों की मौके पर गणना की। निरीक्षण टीम में अधिकारी राहुल कुमार के अलावा निरीक्षक भूपेश गोयल, निरीक्षक प्रजा सिंह और निरीक्षक आनंद शर्मा शामिल रहे।
टीम ने उपभोक्ताओं से की बातचीत, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
गोदाम में जांच-पड़ताल के अलावा निरीक्षण टीम ने मौके पर गैस रिफिल लेने पहुंचे उपभोक्ताओं से भी सीधी बातचीत की। अधिकारियों ने आमजन को आश्वस्त किया कि गैस की कोई कमी नहीं है और उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने का आह्वान किया।
