सिरसा की अनाज मंडी में 3 दुकानों में चोरी, नकदी व स्कूटी पर किया हाथ साफ, व्यापारियों में रोष
सिरसा। शहर की अनाज मंडी में रात के अंधेरे में चोरों ने तीन कन्फैक्शनरी दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने शटर के ताले न टूटने पर साइड से शटर उखाड़कर दुकानों में प्रवेश किया और हजारों रुपये की नकदी, एक स्कूटी सहित अन्य सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी सुबह दुकानदारों को लगी। जिला व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात की और पुलिस प्रशासन से मंडी क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
चोरों ने साइड से उखाड़े शटर
दुकानदारों ने बताया कि चोरों ने शटर का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं टूटा तो उन्होंने साइड से शटर को उखाड़कर दुकानों में प्रवेश किया। इसके बाद वे हजारों रुपये की नकदी, एक स्कूटी और अन्य सामान चुराकर फरार हो गए। दुकानदारों के अनुसार, चोरों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उनके मन से पुलिस का डर गायब हो गया है।
व्यापार मंडल प्रधान ने जायजा लिया
जिला व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने पीड़ित दुकानदारों के पास जाकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर में हो रही चोरियों की घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन को जल्द से जल्द त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरों को पकड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कन्फैक्शनरी की दुकानों को चोरों द्वारा लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
दुकानदारों को सतर्क रहने की सलाह
कीर्ति गर्ग ने दुकानदारों से आह्वान किया कि वे सावधान रहें और अपने कीमती सामान का ध्यान रखें। उन्होंने सलाह दी कि दुकान बंद करते समय दुकान में नगदी न छोड़ें और दुकान को अच्छी प्रकार से बंद करके ही घर जाएं।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
व्यापार मंडल प्रधान ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि लगातार बढ़ रही चोरियों की घटनाओं को देखते हुए अनाज मंडी क्षेत्र में रात्रि गश्त को बढ़ाया जाए, ताकि इन वारदातों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण ही चोर मंडी में सक्रिय हैं।
