https://www.choptaplus.in/

Sirsa News: भाईचारे के नाम पर 85 लाख की धोखाधड़ी, पीड़ित ने SP से लगाई गुहार

 
Sukhwinder Soni meeting Fatehabad SP Nikita Khattar in gold fraud case

चोपटा प्लस, सिरसा। स्वर्णकार संघ के पूर्व जिला प्रधान एवं भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुखविंद्र सोनी ने अपने साथ हुई करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को लेकर फतेहाबाद की पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर से मुलाकात की। उनके साथ अरोड़वंश समाज के सुभाष बजाज भी मौजूद थे। इस दौरान सुखविंद्र सोनी ने एसपी के समक्ष आरोपी पक्ष द्वारा दी गई शिकायत की सच्चाई रखी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

सुखविंद्र सोनी ने एसपी को बताया कि नवंबर 2020 में उन्होंने अजय कुमार के साथ सिरसा के भादरा बाजार स्थित शनि मंदिर के पास अंबा ज्वैलर्स के नाम से साझेदारी में सोने-चांदी का कारोबार शुरू किया था। उन्होंने अजय कुमार को 1565 ग्राम सोना और 6109 ग्राम शुद्ध चांदी दी थी, जो उन्होंने अपने रिश्तेदारों से एकत्रित की थी। उस समय सोने का भाव 52 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 68 हजार 500 रुपये प्रति किलोग्राम था, जिससे कुल 85 लाख 56 हजार 466 रुपये की राशि बनती थी। इसमें से उन्हें मात्र 600 ग्राम सोना ही वापस मिला है, जबकि करीब एक किलोग्राम सोना और 6109 ग्राम चांदी अभी भी बकाया है।

Sukhwinder Soni Gold Silver Fraud Case

क्या है पूरे विवाद की जड़?

यह मामला नवंबर 2020 का है जब सुखविंद्र सोनी ने अजय कुमार के साथ सिरसा में साझेदारी में कारोबार शुरू किया था। सुखविंद्र सोनी का आरोप है कि साझेदार अजय कुमार और उसके पिता राजेंद्र कुमार ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। उन्होंने एसपी को बताया कि पहले भी वे भाईचारे के पक्ष में थे और अब भी हैं, लेकिन आरोपी पक्ष जानबूझकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने के इरादे से भाईचारा नहीं निभा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष ने उनके और उनके मामा के बेटे सुभाष सोनी पर मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं।

Sirsa News: जिले में 5 सरपंचों समेत 34 पदों पर होंगे उपचुनाव, यहां देखें पूरा शेड्यूल

फतेहाबाद एसपी निकिता खट्टर ने सुखविंद्र सोनी की बात सुनने के बाद उन्हें आश्वासन दिया कि उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। सुखविंद्र सोनी ने एसपी से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत प्रभाव से कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाया जाए। गौरतलब है कि इस मामले को लेकर सुखविंद्र सोनी पहले भी मीडिया के सामने आ चुके हैं और उन्होंने आरोपी पक्ष पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं।

Rajasthan