सिरसा के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, जल्द बनेंगी 30 करोड़ की सड़कें, स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी
सिरसा: सिरसा शहर के रुके हुए विकास कार्यों को अब रफ्तार मिलने की उम्मीद है। गुरुवार को सिरसा नगर परिषद के चेयरमैन वीर शांति स्वरूप ने यूएलबी (ULB) के अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक मीणा से मुलाकात की। इस अहम बैठक में शहर के स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के एस्टिमेट को मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा 30 करोड़ की लागत से बनने वाली नई सड़कों और अन्य कई लंबी फाइलों पर विस्तार से चर्चा हुई।
चेयरमैन वीर शांति स्वरूप ने बैठक में बताया कि स्टॉर्म वाटर पाइप लाइन बिछाने के कारण शहर की कई सड़कें टूट गई थीं। इन सड़कों को दोबारा बनाने के लिए करीब 30 करोड़ रुपये की फाइल लंबे समय से विभाग में पेंडिंग है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की है कि इस फाइल को जल्द पास किया जाए ताकि लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
बैठक के दौरान नगर परिषद की नई बिल्डिंग बनाने के प्रस्ताव को भी प्रमुखता से उठाया गया। इसका मकसद लोगों को सभी जरूरी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही शहर में बड़े आयोजनों के लिए 'दिव्य नगर योजना' के तहत 500 से 1000 लोगों की क्षमता वाला एक आधुनिक ऑडिटोरियम बनाने की फाइल पर भी अधिकारियों से बातचीत हुई।
सिरसा: दमकल कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, 1 करोड़ मुआवजा और शहीद के दर्जे की मांग पर अड़े
छात्रों और युवाओं की सुविधा के लिए शहर में 200 सीटों वाली एक आधुनिक लाइब्रेरी बनाने की योजना है। चेयरमैन ने इस लाइब्रेरी के काम को जल्द शुरू करवाने की मांग रखी है। इसके अलावा नगर परिषद में लंबे समय से खाली पड़े 47 पदों पर भर्ती की फाइल को भी जल्द पास करने का अनुरोध किया गया, जिससे दफ्तर के काम आसानी से हो सकें। अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।
