खाद डीलरों को बड़ा झटका: सिक्योरिटी में 10 गुना बढ़ोतरी से मचा हड़कंप!
सिरसा (Chopta Plus): नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) द्वारा सिक्योरिटी राशि में अचानक की गई भारी बढ़ोतरी के विरोध में सिरसा के अधिकृत थोक विक्रेताओं (डीलरों) ने मोर्चा खोल दिया है। डीलरों ने जिला उपायुक्त के माध्यम से रसायन व खाद्य मंत्रालय के सचिव के नाम एक ज्ञापन सौंपकर इस फैसले को तुरंत रद्द करने की मांग की है। डीलरों का कहना है कि कंपनी द्वारा सिक्योरिटी राशि 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है, जो वर्तमान परिस्थितियों में उनके लिए चुकाना संभव नहीं है।
खराब फसल और नकद भुगतान की दोहरी मार से जूझ रहे व्यापारी
ज्ञापन सौंपने वाले डीलरों में स. हरमेश सिंह, गौरीशंकर खोथ, अजनीश कनेडी, नत्थुराम, रोहित मोंगा, भीम सिंह, कुलदीप, बजरंग और रमेश कुमार समेत अन्य शामिल रहे। इन सभी कृषि विभाग से अधिकृत डीलरों ने बताया कि इलाके में किसानों की फसल खराब होने के कारण आर्थिक हालात पहले से ही खराब हैं। ऐसे में खाद व पेस्टीसाईड डीलर इतनी बड़ी सिक्योरिटी राशि देने में पूरी तरह असमर्थ हैं।

क्रेडिट लिमिट के बावजूद कंपनी कर रही नकद वसूली
डीलरों ने प्रशासन को बताया कि पहले उनकी क्रेडिट लिमिट बनी हुई थी और स्कीम के लिए नकद व बैंक गारंटी भी जमा करवाई गई थी। इसके बावजूद पिछले एक साल से कंपनी खाद का भुगतान नकद में ले रही है और क्रेडिट लिमिट पर सप्लाई बंद कर दी गई है। अब ऊपर से सिक्योरिटी राशि को 1 लाख से सीधा 10 लाख रुपये करना डीलरों के साथ सरासर अन्याय है।
डीलरों ने दी चेतावनी, फैसले से बढ़ेगी कालाबाजारी
अपनी मांगों को लेकर डीलरों ने आग्रह किया है कि कंपनी को पुरानी लिमिट के अनुसार उधार में खाद सप्लाई शुरू करने के आदेश दिए जाएं। उन्होंने मांग की है कि या तो उनकी जमा राशि पर ब्याज दिलवाया जाए या फिर वह जमा राशि उन्हें वापस की जाए। डीलरों ने स्पष्ट किया कि यदि बढ़ाई गई सिक्योरिटी के आदेश तुरंत रद्द नहीं हुए, तो ऐसी नीतियों से बाजार में कालाबाजारी को बढ़ावा मिलेगा, जिसका ठीकरा बेवजह निर्दोष व्यापारियों और डिस्ट्रीब्यूटरों पर फोड़ा जाएगा।
