सिरसा के ओटू हेड पर आज किसान की महापंचायत, जाने क्या है मुख्य मांगे और कौन-कौन होगें शामिल
सिरसा। जिले के रानियां क्षेत्र स्थित ओटू हेड पर आज (बुधवार) सुबह 10 बजे से किसान-मजदूरों की विशाल महापंचायत आयोजित होने जा रही है। हिसार-घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन के कारण हर साल होने वाली बाढ़ और सेम (जलभराव) की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर यह पंचायत बुलाई गई है। अखिल भारतीय किसान सभा के आह्वान पर होने वाले इस प्रदर्शन के लिए सुबह से ही किसानों का ओटू हेड पर एकत्रित होना शुरू हो जाएगा, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
इस महापंचायत में रानियां विधायक अर्जुन चौटाला और राजस्थान के भादरा से पूर्व विधायक बलवान पूनिया सहित किसान नेता मंगेज चौधरी, संदीप धीरणवास और राजेंद्र औलख मुख्य रूप से शामिल होंगे। पंचायत में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने और इसे सफल बनाने के लिए चाहरवाला, रुपाणा जाटान, दैयड़, शाहपुरिया और दड़बा सहित कई प्रभावित गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया था।

क्षेत्र के किसानों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते हिसार-घग्गर ड्रेन जल निकासी के बजाय उनके लिए तबाही का कारण बन चुकी है। ड्रेन की जल निकासी क्षमता कम होने, तटबंध कच्चे रहने और समय पर सफाई न होने से बारिश के दिनों में यह ओवरफ्लो हो जाती है। किसान नेता प्रकाश सिंह ममेरां के अनुसार, ड्रेन टूटने से पैंतालीसा क्षेत्र के खेतों में आज भी तीन से चार फीट पानी भरा हुआ है। सेम की समस्या दूर करने के लिए प्रशासन द्वारा लगाए गए सोलर ट्यूबवेल भी पूरी तरह से फेल साबित हुए हैं।
किसानों में सरकार और प्रशासनिक विफलता के खिलाफ भारी रोष है। अखिल भारतीय किसान सभा के नेताओं का आरोप है कि ओटू हेड पर गेट लगाने के लिए हजारों करोड़ रुपये के फंड जारी हुए, लेकिन धरातल पर कोई गेट नहीं लगे। इस प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में किसानों ने आज हरियाणा सरकार का पुतला दहन किया। किसान नेताओं ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं, तो वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे और कल सड़क जाम की जाएगी।
महापंचायत में प्रशासन के समक्ष मुख्य रूप से ये मांगें रखी जाएंगी:
- साउथ घग्घर कैनाल और ढाणी शेरां फलडी माइनर में सेम के पानी की बजाय सीधे घग्गर नदी का साफ पानी डाला जाए।
- हिसार-घग्गर ड्रेन की गहरी खुदाई करवाकर इसके कच्चे तटबंधों को तुरंत मजबूत किया जाए।
- ओटू हेड पर लिफ्ट इरिगेशन पंप सेट लगाकर ड्रेन का पानी सीधे घग्गर नदी में डाला जाए।
- पानी के सुचारू बहाव के लिए ओटू हेड की अच्छी तरह से खुदाई और सफाई करवाई जाए।
