सिरसा के दारेवाला गांव में प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम, एडीसी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर हुआ समाधान
सिरसा: आमजन की समस्याओं का जल्द और स्थाई समाधान के लिए जिला प्रशासन एक्शन मोड में है। रानियां खंड के गांव दारेवाला में आयोजित सिरसा रात्रि ठहराव कार्यक्रम में प्रशासनिक सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी शिकायतें सुनीं। राजकीय प्राथमिक पाठशाला में आयोजित इस शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के तुरंत निपटारे के सख्त निर्देश दिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने पानी, बिजली और पेंशन से जुड़ी अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। इनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि बाकी बची शिकायतों के लिए एडीसी ने संबंधित विभागों को जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान एसडीएम पारस भागोरिया, जिला परिषद सीईओ डा. सुभाष चंद्र और डीएसपी आदर्शदीप सिंह सहित तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

दिन के समय विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा गांव में विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को कल्याणकारी योजनाओं की बारीक जानकारी दी गई। अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर ही कई पात्र लाभार्थियों का सरकारी योजनाओं के लिए हाथों-हाथ पंजीकरण भी किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों के जरिए अपना भविष्य संवारने की अपील की।

कृषि और बागवानी विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों को फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन और कीटनाशकों के संतुलित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया। प्रशासन और आमजन के बीच सीधी बातचीत करने के इस प्रयास में स्वास्थ्य, पंचायत और समाज कल्याण सहित एक दर्जन से अधिक विभागों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। कार्यक्रम के अंत में एडीसी सहरावत और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी कड़ा संदेश दिया।
