सिरसा: रिसालिया खेड़ा में युवक ने खुद को मारी गोली, परिवार में था इकलौता बेटा
सिरसा। जिले के डबवाली खंड के गांव रिसालिया खेड़ा में 21 वर्षीय युवक ने अपनी कनपटी पर पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक ने बुधवार रात घर के कमरे में अकेला होने पर यह कदम उठाया। पूरी रात खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा रहा। गुरुवार सुबह जब पिता ने उसे जगाने के लिए कमरा खोला तो देखा की बेटा खून से लथ-पथ पड़ा था। पुलिस ने मौके से पिस्तौल बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कृष्ण कुमार के पुत्र सचिन (21) के रूप में हुई है। कृष्ण कुमार की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने सचिन को गोद लेकर अपना वारिस बनाया था। परिवार में इकलौता बेटा होने के कारण उसकी मौत से परिवार पर गम का पहाड़ टूट गया है।
पूरी रात चारपाई पर पड़ा रहा शव
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात सचिन अपने घर के कमरे में अकेला सो रहा था। रात में ही उसने पिस्तौल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। खून से लथपथ सचिन पूरी रात चारपाई पर पड़ा रहा। गुरुवार सुबह जब उसके पिता कृष्ण उसे जगाने कमरे में गए, तो उन्होंने सचिन को लहूलुहान अवस्था में देखा। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों व स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। सचिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
गोरीवाला चौकी प्रभारी जगपाल सिंह ने बताया कि युवक द्वारा जिस पिस्तौल से गोली चलाई गई थी, उसे कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के कमरे और आसपास से जुटाई गई सभी जानकारियों को आगामी कार्रवाई में शामिल किया जाएगा। मृतक के पास पिस्तौल कहां से आया, यह गुत्थी अनसुलझी है, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है। बरामद पिस्तौल के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उस व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज करेगी, जिससे यह पिस्तौल खरीदा गया था।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
मृतक के पिता कृष्ण कुमार के बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
