https://www.choptaplus.in/

सिरसा के इस गांव के छोरों ने हिमाचल में गाड़ दिए झंडे, 14वीं नेशनल गेम्स में जीते 10 गोल्ड, कनाडा से भी आया खास इनाम

 
हिमाचल धर्मशाला में आयोजित 14वीं नेशनल गेम्स में मेडल जीतने वाले सिरसा के संतनगर गांव के खिलाड़ी और कोच

संतनगर (सिरसा)। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आयोजित 14वीं नेशनल गेम्स-2026 में सिरसा के गांव संतनगर के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। श्री गुरदेव चैरिटेबल ट्रस्ट, संतनगर के इन होनहार खिलाड़ियों ने 5 से 7 जून तक चली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 गोल्ड सहित कुल 12 मेडल जीते हैं। इस बड़ी कामयाबी से गांव के साथ-साथ पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है।

मनमीत कौर ने लगाई गोल्डन हैट्रिक, गुरशबद को 2 गोल्ड

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में संतनगर की मनमीत कौर का प्रदर्शन सबसे जबरदस्त रहा। उन्होंने अकेले ही अंडर-17 वर्ग के सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में लगातार तीन गोल्ड मेडल जीतकर 'गोल्डन हैट्रिक' अपने नाम की। वहीं, गुरशबद सिंह ने अंडर-17 सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स में दो गोल्ड मेडल झटके। परनीत कौर ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए अंडर-17 गर्ल्स डबल्स में गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।

14th national games dharamshala

छोटे बच्चों ने भी दिखाया बड़ा दम, जीते कई पदक

बड़े खिलाड़ियों के साथ-साथ ट्रस्ट के छोटे बच्चों ने भी मेडल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले अन्य खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:

  • ऐशविंदर सिंह: अंडर-9 में गोल्ड और अंडर-11 में ब्रॉन्ज मेडल
  • अमरजीत सिंह: अंडर-11 में गोल्ड मेडल
  • जानवी: अंडर-7 में गोल्ड मेडल
  • हरगुन कौर: अंडर-11 में गोल्ड मेडल
  • सहजदीप कौर: अंडर-11 में सिल्वर मेडल
  • समर सिंह: अंडर-13 में गोल्ड मेडल

नशे से दूर रखने के लिए फ्री कोचिंग दे रहा ट्रस्ट

सभी पदक विजेताओं को ट्रस्ट के सदस्य जतिंद्र सिंह ढिल्लों, कशमीरा सिंह खंब, अध्यक्ष हरपिंदर सिंह कूका और कोच हरप्रीत सिंह व मेहरचंद ने बधाई दी है। हरपिंद्र कूका ने बताया कि गांव के युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने के लिए यह ट्रस्ट बनाया गया था। ट्रस्ट की ओर से गांव में राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन कोर्ट तैयार किए गए हैं, जहां अनुभवी कोच बच्चों को बिल्कुल फ्री ट्रेनिंग देते हैं। खिलाड़ियों की इस कामयाबी ने साबित कर दिया है कि ट्रस्ट की यह मुहिम सही दिशा में जा रही है।

कनाडा से इंटरनेशनल खिलाड़ी ने भेजा बादाम की शरदाई का खर्च

संतनगर के बच्चों की इस ऐतिहासिक जीत की गूंज विदेशों तक पहुंच गई है। वर्तमान में कनाडा में रह रहे इंटरनेशनल हॉकी खिलाड़ी हरप्रीत सिंह नागरा ने इन सभी बच्चों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों की अच्छी सेहत और डाइट के लिए एक महीने की बादाम की 'शरदाई' (पौष्टिक पेय) का खर्च भी ट्रस्ट को भेजा है। हरप्रीत सिंह नागरा समय-समय पर इन बच्चों की मदद करते रहते हैं और आगे भी हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
 

Rajasthan