फतेहाबाद पुलिस लाइन में लगा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 150 लोगों की हुई आंखों की जांच
फतेहाबाद। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन फतेहाबाद में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। पुलिस शहीदी पखवाड़े के तहत आयोजित इस शिविर में करीब 150 लोगों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान आंखों से जुड़ी समस्याओं पर विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सलाह दी और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त दवाइयां भी दी गईं।

पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर (IPS) के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में आई क्यू नेत्र अस्पताल फतेहाबाद की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आंचल अपनी टीम के साथ पहुंचीं। डॉक्टरों ने आधुनिक मशीनों की मदद से पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों की आंखों की जांच की।
मायोपिया और लेसिक लेजर के बारे में दी जानकारी

शिविर में लोगों को मायोपिया यानी दूर की चीजें साफ दिखाई न देने की समस्या, लेसिक लेजर (LASIK) और आंखों से जुड़ी अन्य परेशानियों के बारे में जानकारी दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि आंखों में किसी भी तरह की परेशानी होने पर उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच करवाने से कई समस्याओं का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सकता है।

डॉ. आंचल ने पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से आंखों की जांच करवाने और मोबाइल, कंप्यूटर व अन्य डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।
एसपी ने डॉक्टरों की टीम को किया सम्मानित
शिविर के समापन पर एसपी निकिता खट्टर ने डॉ. आंचल और उनकी पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने पुलिस विभाग की ओर से चिकित्सकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, आई क्यू नेत्र अस्पताल के प्रशासन ने भी एसपी निकिता खट्टर को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी : एसपी
एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात आम लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम करते हैं। ऐसे में उनके और उनके परिवारों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस शहीदी पखवाड़े के दौरान इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ वर्तमान पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रयास करना भी है।

