पति की मौत के 15 मिनट बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, 48 साल के साथ का यूं हुआ अंत
Choptanews प्यार का असली इम्तिहान भी जाते जाते पार कर गए , साथ जीने मरने की कसमें खाई ओर निभा भी दिया जिस जीवनसाथी के साथ दशकों तक घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं, उसकी मौत की खबर पत्नी सहन नहीं कर सकी। पति की मौत के महज 15 मिनट के बाद पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना से जिला सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल के लगनू गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान मांगा राम (78) उर्फ छोटू और उनकी पत्नी हरदेवी (70) के रूप में हुई है। रविवार शाम हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सोमवार को गिरि नदी के तट पर दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से दंपती को अंतिम विदाई दी।
किसान परिवार से था दंपती का संबंध
मांगा राम और हरदेवी किसान परिवार से संबंध रखते थे। ग्रामीण परिवेश में मेहनत और पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाते हुए दोनों ने जीवन का लंबा सफर साथ तय किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी हरदेवी घर के कामकाज में सक्रिय थीं, जबकि मांगा राम पिछले कुछ समय से बीमारी से जूझ रहे थे।
दंपती की अचानक हुई मौत से परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। जिस घर में वर्षों से दोनों की मौजूदगी परिवार की दिनचर्या का हिस्सा रही, वहां कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो मौतों से मातम छा गया।
गिरि नदी के तट पर एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
सोमवार को मांगा राम और हरदेवी का गिरि नदी के तट पर एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से दंपती को अंतिम विदाई दी।
मांगा राम और हरदेवी अपने पीछे दो बेटों सहित पोते-पोतियों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। एक ही दिन में माता-पिता दोनों को खोने का दुख परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
लगनू गांव में शोक की लहर
घटना के बाद लगनू गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के बीच इस हृदयविदारक घटना की चर्चा है। जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने वाले दंपती की इस तरह विदाई ने हर किसी को भावुक कर दिया है।

