https://www.choptaplus.in/

पत्रकारों के खेल और भाईचारे का अनूठा संगम: मीडिया प्रीमियर लीग का शानदार समापन, रमजा भादरा ने जीता खिताब

 
Media Premier League 2026 Winner Ramja Bhadra Sirsa

नाथूसरी चौपटा (सिरसा)। पत्रकारिता की दुनिया में कलम और माइक की ताकत के साथ-साथ आपसी भाईचारे, संवाद और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू हुई 'मीडिया प्रीमियर लीग' (MPL) अब एक बड़ी और सशक्त परंपरा का रूप ले चुकी है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय चौपटा पत्रकार संघ और  मीडिया प्रीमियर लीग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला सिरसा के गांव ढूकड़ा स्थित शहीद सुरजीत सिंह खेल मैदान में तीन दिवसीय 'मीडिया प्रीमियर लीग' का दूसरा संस्करण अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के पावन अवसर पर समाप्त हुए इस आयोजन में हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आई 6 टीमों के 200 से अधिक वरिष्ठ व युवा पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कुतियाना से शुरू हुआ सफर, ढूकड़ा में रचा गया नया इतिहास

इस अनूठी लीग की शुरुआत को याद करते हुए फाउंडर जगत परदेशी (जगतु ताऊ) ने बताया कि इसकी परिकल्पना पत्रकार जगत को एक मंच पर एकजुट करने के लिए की गई थी। इसका पहला सफल आयोजन वर्ष 2025 में सिरसा जिले के गांव कुतियाना में किया गया था, जिसमें दोनों पड़ोसी राज्यों के लगभग 300 पत्रकारों ने भाग लिया था। पहले संस्करण से मिले अपार उत्साह ने ही आयोजकों को इस दूसरे संस्करण को और अधिक व्यापक व भव्य रूप देने की प्रेरणा दी। गांव ढूकड़ा में सरपंच राजेंद्र ढूकड़ा और समस्त ग्रामवासियों की आतिथ्य मेहमाननवाजी में आयोजित इस दूसरे संस्करण ने व्यवस्था, अनुशासन और सहभागिता के मामले में एक नई मिसाल कायम की है।

रोमांचक फाइनल मुकाबले में रमजा भादरा बनी विजेता

प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला 'सच कहूं' और 'रमजा भादरा' की टीमों के बीच बेहद रोमांचक रहा। टॉस जीतकर 'सच कहूं' ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 65 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में उतरी रमजा भादरा की टीम को शुरुआती झटके जल्दी लगे और एक समय मुकाबला पूरी तरह बराबरी पर आ गया था, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए सफलतापूर्वक लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से फाइनल मुकाबला अपने नाम कर प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इससे पहले टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में 'सच कहूं' ने रमजा नोहर को पराजित कर फाइनल में शानदार प्रवेश किया था।

 नशा मुक्ति का संदेश और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता

यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज सुधार और जन-जागरूकता का एक सशक्त मंच भी साबित हुआ। तीन दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और समाजसेवियों ने पहुंचकर पत्रकारों की इस मुहिम की पुरजोर हौसला अफजाई की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे युवा कांग्रेस नेता और ऐलनाबाद हल्के के विधायक भरत सिंह बैनीवाल के बेटे सुमित बैनीवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। वहीं, डीएसपी राजेश कुमार ने विशेष रूप से शिरकत कर खिलाड़ियों व युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और समाज हित में ऐसे आयोजन निरंतर करने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान भादरा के पूर्व विधायक सुरेश भड़िया, भाजपा नेता अमीरचंद महता, सरपंच यूनियन की प्रधान रीटा कासनियां, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन सूरजभान बुमराह, जिला पार्षद नंदलाल बेनीवाल, सतपाल खिचड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र ढाबा, प्रवक्ता सुरेश शर्मा, नवदीप सेतिया, हैप्पी सिंह सहित हरियाणा और राजस्थान के कोने-कोने से आए भारी संख्या में पत्रकार राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर एकत्रित हुए और अपने विचार रखे।आयोजन के अंत में विजेता व उपविजेता टीमों सहित पधारे सभी विशिष्ट अतिथियों और पत्रकार साथियों को मेजबान सरपंच राजेंद्र ढूकड़ा, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र ढाबा तथा राष्ट्रीय चौपटा पत्रकार संघ के पदाधिकारियों नरेश बैनीवाल, साहबराम माली, जगत परदेशी, सतबीर सहारण, भगत सिंह, हनुमान पूनिया, यश भांभू और महेंद्र मेहरा द्वारा बैज लगाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सभी ने भविष्य में भी इस भाईचारे की परंपरा को ऐसे ही आगे बढ़ाने और समाज को सकारात्मक संदेश देने का संकल्प लिया।

Rajasthan