https://www.choptaplus.in/

हरियाणा 12वीं में रेवाड़ी की दीपिका ने किया टॉप, बिना कोचिंग के कैसे हासिल किया इतना बड़ा मुकाम, बताया सिक्रेट

 
HBSE 12th Arts Topper Deepika Rewari Without Coaching

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस साल रेवाड़ी जिले की होनहार छात्रा दीपिका ने पूरे राज्य में टॉप किया है। दीपिका ने कला संकाय (आर्ट्स) में 500 में से शानदार 499 अंक हासिल कर हरियाणा में पहला स्थान हासिल किया है। सबसे खास बात यह है कि दीपिका ने यह बड़ा मुकाम बिना किसी महंगी कोचिंग के, सिर्फ अपनी मेहनत और सेल्फ स्टडी के दम पर हासिल किया है।

रेवाड़ी के गांव जाट सायरवास की रहने वाली दीपिका गांव चिल्हड़ स्थित विवेकानन्द विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हैं। अपनी इस ऐतिहासिक सफलता से उन्होंने न सिर्फ अपने माता-पिता बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद से ही उनके घर पर खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

अपनी सफलता का राज बताते हुए दीपिका ने कहा कि परीक्षा देकर उन्हें अच्छे अंकों की उम्मीद तो थी, लेकिन पूरे राज्य में टॉप करने का उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था। दीपिका ने बताया कि उन्होंने सफलता के लिए किसी कोचिंग सेंटर का सहारा नहीं लिया। वे स्कूल के अलावा रोजाना घर पर करीब छह घंटे एकाग्र होकर सेल्फ स्टडी करती थीं।

पढ़ाई के दौरान जिस भी विषय या टॉपिक में उन्हें परेशानी होती थी, उसे गहराई से समझने के लिए वे यूट्यूब (YouTube) का बेहतरीन तरीके से इस्तेमाल करती थीं। इस सफर में उनके बड़े भाई अभिषेक ने भी उनका काफी मार्गदर्शन किया और उनकी हर संभव मदद की।

दीपिका शुरू से ही एक मेधावी छात्रा रही हैं। इससे पहले उन्होंने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में भी 98.7 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा साबित की थी। उनके पिता अशोक कुमार ततारपुर गांव के सरकारी स्कूल में समाज शास्त्र के लेक्चरर हैं और माता सुजाता देवी एक कुशल गृहिणी हैं।

सिरसा के सरकारी स्कूलों में शुरू हुई एटीएल कार्यशाला, रोबोटिक्स और AI की मिलेगी शिक्षा

बेटी की इस अद्भुत उपलब्धि पर माता-पिता बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। पिता अशोक कुमार का कहना है कि दीपिका को जो भी पढ़ाई का माहौल और मार्गदर्शन मिला, वह घर-परिवार से ही मिला है। अपने भविष्य के लक्ष्यों को लेकर दीपिका का विजन एकदम साफ है। उनका कहना है कि वे आगे चलकर एक आईएएस (IAS) अधिकारी बनना चाहती हैं और देश व समाज की सेवा करना चाहती हैं।

Rajasthan