https://www.choptaplus.in/

HBSE 12th Result: हरियाणा बोर्ड 12वीं का परिणाम घोषित, जाने इस साल कौन बना टॉपर

 
हरियाणा बोर्ड HBSE 12वीं का रिजल्ट 2026 जारी, टॉपर्स लिस्ट और पास प्रतिशत की जानकारी

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल 12वीं बोर्ड का कुल पास प्रतिशत 84.67 फीसदी दर्ज किया गया है। हमेशा की तरह इस बार भी परीक्षा परिणामों में लड़कियों का दबदबा देखने को मिला है। छात्र अपना परीक्षा परिणाम हरियाणा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाकर अपने रोल नंबर और जन्म तिथि की मदद से चेक कर सकते हैं।

इस साल 12वीं की परीक्षा में रेवाड़ी के चिल्लर स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा दीपिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। दीपिका ने 500 में से 498 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, रोहतक के रुड़की स्थित कन्या गुरुकुल की छात्रा उदिता ने भी 498 अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान पाया है।

तीसरे स्थान पर जींद जिले का दबदबा रहा है। जींद के बुढ़ैण गांव के शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल की छात्रा योगिता और धमतान साहिब स्थित ज्ञान भारती स्कूल की छात्रा मुस्कान, दोनों ने 497-497 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पूरे हरियाणा में तीसरा स्थान हासिल किया है।

आंकड़ों की बात करें तो इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में कुल 2 लाख 42 हजार 856 छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 2 लाख 5 हजार 618 छात्रों ने सफलता हासिल की है, जबकि 10 हजार 498 छात्र परीक्षा पास करने में असफल रहे। पास प्रतिशत के मामले में लड़कियों ने लड़कों को काफी पीछे छोड़ दिया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 87.97 फीसदी रहा, जबकि 81.45 फीसदी लड़के ही पास हो सके। लड़कियों ने लड़कों के मुकाबले 6.52 फीसदी बेहतर प्रदर्शन किया है।

स्ट्रीम के हिसाब से देखा जाए तो साइंस के छात्रों का प्रदर्शन सबसे बेहतरीन रहा। साइंस स्ट्रीम का पास प्रतिशत 90.08 फीसदी, कॉमर्स का 88.20 फीसदी और आर्ट्स का पास प्रतिशत 82.60 फीसदी दर्ज किया गया है। इसके अलावा, शहरी क्षेत्रों के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों ने ज्यादा बाजी मारी है। ग्रामीण इलाकों के 84.98 फीसदी छात्र पास हुए हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 83.91 फीसदी रहा।

SMS और Digiloker से अपना परिणाम कैसे देखें जानने के लिए यहां क्लिक करें

स्कूलों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो प्राइवेट स्कूलों ने सरकारी स्कूलों को पछाड़ दिया है। जहां प्राइवेट स्कूलों का पास प्रतिशत 87.94 फीसदी रहा, वहीं सरकारी स्कूलों में 82.44 फीसदी छात्र ही सफल हो पाए। जिलों के प्रदर्शन में चरखी दादरी जिले का रिजल्ट पूरे प्रदेश में सबसे अच्छा रहा है, जबकि नूंह जिले का प्रदर्शन सबसे निराशाजनक रहा।

अगर पिछले साल यानी 2025 के नतीजों से तुलना की जाए, तो इस बार पास प्रतिशत में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। साल 2025 में 12वीं का कुल पास प्रतिशत 85.66 फीसदी था। पिछले साल भी लड़कियों (89.41%) ने लड़कों (81.86%) को पीछे छोड़ा था और कैथल के अर्पणदीप सिंह ने 497 अंकों के साथ पूरे प्रदेश में टॉप किया था।
 

Rajasthan