खाबड़ा कलां के पास खेड़ी माईनर टूटी, सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न
चोपटा प्लस । फतेहाबाद जिले के भट्टू क्षेत्र के गाँव खाबड़ा कलां व सूली खेड़ा के बीच से गुजरने वाली खेड़ी माइनर नहर अचानक टूट गई। नहर की पटरी में करीब 20 फीट की बड़ी दरार आ गई।
नहर टूटने के कारण पानी का बहाव तेजी से आसपास के खेतों की तरफ हो गया, जिससे देखते ही देखते सैकड़ों एकड़ में खड़ी मक्की और नरमा की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई गई है।
Sirsa: नहराना गांव में 8 एकड़ नरमा की फसल खराब, किसानों ने जांच व मुआवजे की मांग की
खेतों में पानी घुसने से किसान रण सिंह, कुलदीप, ओमप्रकाश बैनीवाल और कुलदीप सहित कई अन्य किसानों के खेत लबालब भर गए हैं, जिससे फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के किसान बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत इसकी जानकारी संबंधित विभाग को दी। किसानों ने मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द कटाव को बंधवाए और नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाए।
गौरतलब है कि खेड़ी माईनर के पानी से फतेहाबाद और सिरसा जिले के कई गांवों में सिंचाई होती है। जिनमें जोगीवाला, चाहरवाला, रामपुरा, कागदाना, कुम्हारिया, खेड़ी शामिल हैं।

