https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में आज का मौसम: 7 जिलों में तेज आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जानें मौसम विभाग का ताजा अपडेट

 
imd chandigarh haryana forecast

चंडीगढ़। हरियाणा में दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते आज (बुधवार) से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ ने प्रदेश के सात जिलों में तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस मौसमी बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलेगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में छह जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पहला पश्चिमी विक्षोभ तीन जून और दूसरा चार जून को पहाड़ी क्षेत्रों की ओर आगे बढ़ेगा। इसके साथ ही पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इन दोनों मौसमी गतिविधियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेशभर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। हवाओं की दिशा में बदलाव के साथ ही आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

विभागीय चेतावनी के तहत राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों को विशेष रूप से अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश की सबसे अधिक संभावना है। इसके अलावा चार जून को कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

सिरसा के ओटू हेड पर आज किसान की महापंचायत, जाने क्या है मुख्य मांगे और कौन-कौन होगें शामिल

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले शून्य दशमलव सात डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो रोहतक में 24.2 डिग्री सेल्सियस, करनाल और नारनौल में 24.4 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 24.5 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ में 24.6 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 25.4 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 26.1 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान में आ रहे इस बदलाव और आगामी बारिश से राज्य में जारी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

haryana temperature today
 

Rajasthan