5 करोड़ की कांवड़ की चर्चा जोरों पर : देखने के लिए उमड़ रही भीड़
इस समय उत्तर भारत की सड़कों पर बोल बम की धूम मची है। भगवान शिव की भक्त हरिद्वार से कावड़ लेकर अब अपने स्थान की तरफ प्रस्थान कर रहे हैं। दरअसल, सावन शिवरात्रि के अवसर पर कावड़ियां जल लेकर भगवान शिव का अभिषेक करेंगे इसके बाद ही उनकी कांवड़ यात्रा पूर्ण होगी।
सावन शिवरात्रि 11 अगस्त को मनाई जाएगी। इससे पहले शिव भक्तों को अपने स्थान पर पहुंचना होगा। इस बीच सड़कों पर 5 करोड़ की कावड़ की जमकर चर्चा हो रही है। इस कांवड़ में भगवान शिव 5 करोड़ की MC Laren में सवार हैं। सड़क से गुजर रही इस कावड़ को देखने के लिए श्रद्धालुओं की जमकर भीड़ उमड़ रही है।
दिल्ली के नवादा निवासी रमन गहलोत अपने दोस्त दीपक शर्मा, प्रशांत त्यागी, सौरभ और पवन के साथ भगवान शिव की यह अनोखी कावड़ लेकर हरिद्वार से आ रहे हैं। हालांकि, यह स्पोर्ट्स कार असली नहीं है बल्कि यह एक डमी कार है। मैकलारेन स्पोर्ट्स कार की तर्ज पर डमी तैयार की गई है।
इसे बनाने में करीब 7 से 8 लाख का खर्च आया है। इस कार पर शिवजी की प्रतिमा को विराजमान किया गया है। यह कांवड़ जहां जहां से भी गुजर रही है वहां इसे देखने के लिए लोग भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। इस कांवड़ पर भगवान शिव की प्रतिमा को विशेष रुप से विराजमान किया गया है। दरअसल, यह पारंपरिक कांवड़ से हटकर कुछ अलग कांवड़ है।
लोगों के बीच इस कांवड़ को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई है। भगवान शिव की यह अनोखी कांवड़ लेकर आने वालों की यह टोली हरिद्वार की हर की पौड़ी से 40 लीटर गंगाजल लेकर जा रहे हैं। इसी कांवड़ के अंदर उन्होंने गंगाजल को रखने की भी व्यवस्था की हुई है।
दिल्ली स्थित नवादा गांव में शिव मंदिर पर पहुंचकर इसी गंगाजल से यह भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। बता दें कि इस समय हजारों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने स्थान पर जा रहे हैं। इस बार कांवड़ यात्रा में हर साल की तरह कई आधुनिक कांवड़ देखने को मिल रही हैं।

