फतेहाबाद में 16 जून को लगेगा बड़ा रोजगार मेला, LIC सहित 6 कंपनियां लेंगी सीधा इंटरव्यू
प्रदेश सरकार के 12 साल पूरे होने के प्रचार अभियान के तहत 16 जून को फतेहाबाद लघु सचिवालय के पास बने डीपीआरसी हॉल में एक बड़ा रोजगार मेला लगने जा रहा है। जिला रोजगार कार्यालय की तरफ से आयोजित इस मेले में बेरोजगार युवाओं को प्राइवेट कंपनियों में नौकरी दिलाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की सीधी जानकारी दी जाएगी।
कौशल और अपना काम शुरू करने पर रहेगा फोकस
इस मेले का मकसद सिर्फ नौकरी देना नहीं है, बल्कि युवाओं को अपना काम शुरू करने के लिए भी तैयार करना है। मेले में भारतीय स्टेट बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग और हरियाणा कौशल विकास निगम के अधिकारी मौजूद रहेंगे। ये सभी युवाओं को काम-धंधा सीखने और सरकार की लोन योजनाओं के बारे में बताएंगे।
नौकरी से संबंधित अन्य खबरें जो आपको पढनी चाहिए
हरियाणा में 10वीं पास के लिए बिना परीक्षा नौकरी, आवेदन बिल्कुल फ्री, 17500 रुपये मिलेगी सैलरी
मेले में पहुंचेंगी ये प्राइवेट कंपनियां
प्राइवेट सेक्टर में रोजगार देने के लिए कई कंपनियां इस मेले में आ रही हैं। इनमें भिवानी की जयश्री श्याम बायोफर्टिलाइजर्स, टोहाना की विश्वकर्मा इंजीनियरिंग वर्क्स पुन्नी, आई फाइनेंस, एकता हन्नी जांडली, केपी सिक्योरिटी गार्ड एंड मैनपावर सर्विसेज और एलआईसी जैसी कंपनियां शामिल हैं।
इन पदों के लिए मौके पर होंगे इंटरव्यू
मेले में आने वाली कंपनियां मौके पर ही युवाओं के इंटरव्यू लेकर उनका चुनाव करेंगी। अलग-अलग कंपनियों में फील्ड ऑफिसर, वेल्डर, हेल्पर, लोन एडवाइजर, डिजिटल मार्केटिंग सेल्स ऑफिसर, कंप्यूटर ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, बीमा सखी और बीमा सलाहकार के पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
मेले में जाने के लिए रोजगार कार्यालय का रजिस्ट्रेशन जरूरी
जिला रोजगार अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने साफ किया है कि इस रोजगार मेले में वही युवा इंटरव्यू दे सकते हैं, जिनका नाम हरियाणा के किसी भी रोजगार कार्यालय में दर्ज है। जिन युवाओं का नाम रोजगार दफ्तर में रजिस्टर नहीं है, उन्हें कंपनियों के इंटरव्यू में बैठने का मौका नहीं मिलेगा।
15 जून को लगेगा खास मार्गदर्शन कैंप
मेले में जाने से पहले अगर किसी युवा को कोई जानकारी या सलाह लेनी है, तो वह 15 जून को जिला रोजगार कार्यालय जा सकता है। वहां सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक खास परामर्श कैंप लगाया जाएगा, जहां रोजगार दफ्तर के अधिकारी युवाओं के सवालों के जवाब देंगे और उनका सही मार्गदर्शन करेंगे।
