PM Shri JNV Odhan Admission: जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में 11वीं कक्षा में प्रवेश शुरू
सिरसा/ओढ़ां। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) ओढ़ा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन मांगे हैं। यह प्रवेश विज्ञान और वाणिज्य दोनों संकायों में मेरिट के आधार पर होगा।
विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून 2026 है। प्रवेश परीक्षा 7 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थी, और अब रिक्त सीटों के लिए मेरिट के आधार पर आवेदन लिए जा रहे हैं।
वे विद्यार्थी जिन्होंने सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं सीबीएसई या किसी राज्य बोर्ड से पास की है, आवेदन कर सकते हैं। सीबीएसई बोर्ड से पास विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन के लिए कम से कम 60 फीसदी अंक होना अनिवार्य है। विज्ञान संकाय में प्रवेश के लिए विज्ञान और गणित दोनों विषयों में 60 फीसदी या उससे अधिक अंक प्राप्त करना जरूरी होगा।
पढें सिरसा की अन्य खबरें
अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन पत्र www.navodaya.gov.in अथवा विद्यालय की वेबसाइट www.jnvsirsa.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। भरे हुए आवेदन पत्र विद्यालय की ईमेल आईडी jnvodhan@gmail.com पर भेजे जा सकते हैं। इसके अलावा विद्यार्थी सोमवार से शनिवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्यालय कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से भी आवेदन जमा करवा सकते हैं।
सभी अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार की जाएगी। विद्यालय में उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार मेरिट में शीर्ष पर रहने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए बुलाया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा से मोबाइल नंबर 97281-81413 पर संपर्क कर सकते हैं।