Haryana AYUSH News: हरियाणा के गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं होगी दुरुस्त, 6 जिलों में खुलेंगे 26 नए आयुर्वेदिक औषधालय, 

 

हरियाणा सरकार राज्य के छह जिलों में 15.70 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 26 नये सरकारी आयुर्वेदिक औषधालयों का निर्माण करेगी। इस पहल का उद्देश्य आयुष स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाओं की लोगों तक पहुंच बढ़ाना है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि यमुनानगर में 10, महेंद्रगढ़ में छह, रेवाड़ी में पांच, कुरुक्षेत्र में तीन, करनाल में एक और गुरुग्राम में एक आयुर्वेदिक औषधालय बनाए जाएंगे।

अनावर्ती नागरिक कार्य श्रेणी के तहत इस परियोजना की कुल लागत 15 करोड़ 70 लाख रुपये है। इन 26 सरकारी आयुर्वेदिक औषधालयों के निर्माण के लिए लागत अनुमान हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग ने भेजे हैं।

यमुनानगर जिले में भांगेरा, ताजेवाला, खुर्दबन, तलकौर, महियुद्दीनपुर, दारपुर, ढाकवाला, दादुपुर हेड, दमोली और लेड़ा खादर गांवों में 10 औषधालय बनाए जाएंगे, जिनमें से प्रत्येक औषधालय की अनुमानित लागत 59.17 लाख रुपये है।

कुरुक्षेत्र जिले में अजराना कलां में 59.15 लाख रुपये, कलसा में 59.74 लाख रुपये और मोहरी में 59.15 लाख रुपये की लागत से औषधालय स्थापित किए जाएंगे, जबकि करनाल जिले के फफड़ाना गांव में 59.17 लाख रुपये की लागत से एक औषधालय का निर्माण किया जाएगा।

हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना का हुआ विस्तार, अब इन महिलाओं को भी मिलेगें 2100 रुपये

रेवाड़ी जिले के रोहराई, झाबुआ, जयसिंहपुर खेड़ा और करावरा मानकपुर गांवों में 59.17 लाख रुपये प्रति औषधालय की लागत से चार तथा लीसान गांव में 59.00 लाख रुपये की लागत से एक औषधालय बनाया जाएगा। महेंद्रगढ़ जिले में गुढ़ा, बावनिया, रसूलपुर, बुचावास, सूरजनवास और रामबास गांवों में छह औषधालय बनाए जाएंगे, जिनमें से प्रत्येक औषधालय की निर्माण लागत 64.50 लाख रुपये अनुमानित है। गुरुग्राम जिले के सहजावास गांव में 58.63 लाख रुपये की अनुमानित लागत से एक औषधालय स्थापित किया जाएगा।