Haryana Mausam Update: हरियाणा में 17-18 अप्रैल को बदलेगा मौसम, इन दो दिन होगी हल्की बूंदाबांदी

15-16 अप्रैल को रहेगी तेज धूप, लेकिन 17-18 को कमजोर पश्चिमी विक्षोभ से गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार।
 

सिरसा/हिसार: हरियाणा में 20 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 15 और 16 अप्रैल को मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। इस दौरान रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी। 

हालांकि, 17 और 18 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते मौसम में हल्का बदलाव आएगा। इस दौरान राजस्थान के ऊपर बन रहे एक चक्रवातीय परिसंचरण (साइक्लोनिक सरकुलेशन) के कारण राज्य में बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहेंगे।  कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 

क्या कहते हैं कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ?

विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 19 और 20 अप्रैल को फिर मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा।  इस दौरान हवाओं की दिशा और गति में लगातार बदलाव आता रहेगा।  दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी, जबकि रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। 

हरियाणा में शुरू हुई मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना, मिलेगी 500000 रुपये तक की सहायता

मौसम में इस बदलाव का सीधा असर किसानों पर पड़ेगा। हरियाणा में इस समय गेहूं की कटाई चल रही है और किसान मौसम की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।  17-18 अप्रैल को बूंदाबांदी की संभावना को देखते हुए किसानों को सलाह दी जाती है कि वे इस दौरान कटाई और थ्रेशिंग का काम टाल दें।  अगर बारिश होती है तो फसल को खलिहान या आंगन में न सुखाएं, बल्कि तुरंत उसे ढक दें, ताकि नमी से फसल खराब न हो।  19 अप्रैल से मौसम साफ होने के बाद कटाई के काम में तेजी लाई जा सकती है।