हरियाणा में पात्र होने के बाद भी नहीं मिल रहा 'लाड़ो लक्ष्मी योजना' का लाभ, सामने आई बड़ी वजह
सिहमा। हरियाणा सरकार की 'दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना' का लाभ उठाने में सिहमा समेत सभी जिलों की बहुत सी महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी खराबी और दस्तावेजों की सख्त शर्तों के कारण पात्र महिलाएं भी अपना आवेदन नहीं कर पा रही हैं, जिसके चलते उनमें भारी रोष है।
रामकला देवी, संतोष देवी, राजबाला देवी, लाजवंती देवी और संतरा देवी सहित कई अन्य महिलाओं ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि योजना का प्रचार तो बड़े स्तर पर किया गया, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। जब वे अपना फॉर्म भरने जाती हैं, तो पोर्टल पर बार-बार एरर (त्रुटि) आ जाता है। साइट न चलने के कारण उनके आवेदन अपलोड ही नहीं हो पा रहे हैं।
पोर्टल की दिक्कत के अलावा कागजातों की शर्तों ने भी महिलाओं को बुरी तरह उलझा दिया है। सविता देवी, गायत्री देवी, सुमित्रा देवी, पुष्पा किरोस्ता देवी और विमला देवी का कहना है कि आय प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) और विवाह प्रमाण पत्र से जुड़ी नई और सख्त शर्तों के कारण कई पात्र महिलाएं भी इस सुविधा से वंचित हो रही हैं।
हरियाणा में जोहड़ों को लेकर ग्राम पंचायतों के लिए बड़ा आदेश, अनदेखी पर सरपंच के लगेगा जुर्माना
हालात यह हैं कि सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर काटने के बावजूद महिलाओं को कोई सीधा और सही जवाब नहीं मिल रहा है। विभागीय अधिकारियों की तरफ से यह साफ नहीं किया जा रहा है कि योजना का लाभ लेने के लिए असल में कौन सी शर्तें पूरी करनी होंगी और पोर्टल की खामी कब तक दूर होगी। स्पष्ट जानकारी न मिलने के कारण महिलाएं कड़ाके की ठंड में सीएससी सेंटरों और सरकारी कार्यालयों के बीच भटकने को मजबूर हैं।