दी कागदाना श्री बालाजी क्रिएटिव मल्टीपर्पज सोसायटी लिमिटेड' ने वॉलीबॉल नर्सरी GGHS कागदाना को भेंट की 60 खेल किट

 

कागदाना। अध्यापक अजय नेहरा ने बताया कि राजकीय कन्या उच्च विद्यालय (GGHS) कागदाना की वॉलीबॉल नर्सरी में शनिवार को खेल प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन के लिए भव्य खेल किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कोच जसबीर जाखड़ के निर्देशन में हुआ, जिसमें खिलाड़ी छात्राओं को 60  बॉलीबॉल खेल किट वितरित की गईं। किट प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी भट्टू कलां ओमप्रकाश टोक्सिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पार्षद प्रतिनिधि राजेंद्र बेनीवाल, समाजसेवी डॉ. धर्मपाल गढ़वाल, सेवानिवृत्त लांस नायक जसराम यादव, नरसी भाकर, नर्सरी के कोच डॉ जसवीर, पुलिस चौकी स्टाफ से धर्मेंद्र यादव, वेद मोदी, सोनू गेदर, पूर्व SMC प्रधान ताराचंद, SMC प्रधान राजबीर, राजीव कुमार बेनीवाल, निर्मला देवी, पूजा नरेश झाझड़िया, डॉ. रवि, विद्यालय प्रभारी श्याम सुंदर, सुनील बेनीवाल, प्रवेश झाझड़िया तथा मांगेराम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गांव के युवा समाजसेवी रमन बेनीवाल के प्रतिष्ठान 'दी कागदाना श्री बालाजी क्रिएटिव मल्टीपर्पज सोसायटी लिमिटेड' द्वारा वॉलीबॉल नर्सरी की सभी खिलाड़ी छात्राओं को 60  बॉलीबॉल खेल किट भेंट की गईं। अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होती हैं।

आपके लिए सिरसा की अन्य खबरें

चौपटा क्षेत्र की आशा वर्करों ने सीएचसी में किया प्रदर्शन, कई मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा

सिरसा में फिर गरजा बुलडोजर, 8 एकड़ की अवैध कॉलोनी ध्वस्त, 3 दुकानें और गैराज सील

मुख्य अतिथि ओमप्रकाश टोक्सिया ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण अंचल की बेटियां खेलों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, नियमित अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने समाजसेवी रमन बेनीवाल के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में उनका योगदान अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी वे इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे।

समारोह का विशेष आकर्षण SMC प्रधान राजबीर का जन्मदिन रहा। इस अवसर पर खिलाड़ियों, अतिथियों और विद्यालय स्टाफ की मौजूदगी में केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सहयोगात्मक एवं विद्यालय हितैषी स्वभाव की सराहना की। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि राजबीर विद्यालय के विकास और छात्राओं के हित में सदैव सक्रिय सहयोग देते रहे हैं, जिसके कारण वे विद्यालय परिवार और ग्रामीणों के बीच विशेष सम्मान रखते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं तथा 'दी कागदाना श्री बालाजी क्रिएटिव मल्टीपर्पज सोसायटी लिमिटेड' के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने भी इस सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, गांव और जिले का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।