सिरसा: पेट्रोल-डीजल एक्साइज ड्यूटी पर बोले भाजपा नेता- सरकार ने खुद घाटा सहकर जनता को महंगाई से बचाया

 

सिरसा: केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल एक्साइज ड्यूटी में भारी कटौती करके आम जनता को महंगाई से बड़ी राहत दी है। वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप रातुसरिया ने सिरसा में एक बयान जारी कर कहा कि वैश्विक तनाव के बीच सरकार ने खुद आर्थिक नुकसान सहकर यह ऐतिहासिक फैसला लिया है। नए फैसले के तहत पेट्रोल पर ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये कर दी गई है, जबकि डीजल पर 10 रुपये की ड्यूटी को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।

दुनियाभर में इस समय कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। रातुसरिया के मुताबिक, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण पिछले एक महीने में कच्चा तेल 70 डॉलर से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। इसके चलते अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका जैसे देशों में तेल की कीमतों में 20 से 50 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है।

इस मुश्किल घड़ी में भारत एक अपवाद बनकर सामने आया है। भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार के पास दो रास्ते थे, या तो वह दूसरे देशों की तरह जनता पर महंगाई का बोझ डालती या खुद नुकसान उठाती। सरकार ने आम आदमी को चुनते हुए अपने टैक्स कलेक्शन में भारी कटौती की है। इससे आम लोगों के साथ-साथ तेल कंपनियों को भी भारी नुकसान से बचाया जा सकेगा।

सिरसा में रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर अच्छी खबर, खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने दी बड़ी जानकारी

स्थानीय बाजार में तेल की कमी न हो, इसके लिए भी कड़े कदम उठाए गए हैं। रातुसरिया ने बताया कि सरकार ने डीजल पर 21.5 रुपये और विमान ईंधन (एटीएफ) पर 29.5 रुपये प्रति लीटर का निर्यात शुल्क (एक्सपोर्ट ड्यूटी) लगाया है। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि देश के अंदर तेल की पूरी सप्लाई बनी रहे और कोई भी अंतरराष्ट्रीय बाजार की महंगी कीमतों का गलत फायदा न उठा सके।