दड़बा कलां में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता: ऋग्वेदा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते कई स्वर्ण पदक
चौपटा। गांव दड़बा कलां में आयोजित ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में ऋग्वेदा पब्लिक स्कूल, शक्कर मंदोरी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में कई स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में कुश्ती अंडर-14 वर्ग में हिमांशु, नव्या और कोशिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में आशीष, भावना और अनिशा ने भी स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
सिरसा की अन्य खबरें
हरियाणा-राजस्थान की आवाज बना 'चोपटा प्लस CP News', डिजिटल संस्करण का शुभारंभ
नाथूसरी चौपटा में आंगनवाड़ी वर्करों की बैठक, कुपोषण मुक्त ब्लॉक बनाने का लिया संकल्प
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अर्पित ने शॉटपुट में द्वितीय तथा अनुमित ने डिस्क थ्रो में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन डबल्स अंडर-14 वर्ग में रोहित और मुकेश ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-19 वर्ग में प्रिंस और आसिफ की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन सिंगल्स अंडर-14 में रितुल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
रिले रेस में काम्या, मीनाक्षी, दिशिता और लक्ष्मी की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लक्ष्मी ने शॉटपुट प्रतियोगिता में भी द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता में तमन्ना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या उपासना सभरवाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। स्कूल प्रबंधक देशबंधु बैनीवाल ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।