19 अप्रैल को सिरसा में निकलेगी भगवान परशुराम जन्मोत्सव की भव्य शोभा यात्रा, ब्राह्मण महासभा की बैठक में हुआ फैसला
सिरसा: आगामी 19 अप्रैल 2026 को मनाए जाने वाले भगवान परशुराम जन्मोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री ब्राह्मण महासभा जिला सिरसा ने इस आयोजन को ऐतिहासिक रूप देने और शहर में एक विशाल शोभायात्रा निकालने का रूट मैप तैयार कर लिया है।
भगवान परशुराम धर्मशाला में महासभा के प्रधान सुशील शर्मा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जन्मोत्सव के मौके पर न केवल शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, बल्कि धर्मशाला प्रांगण में एक विशेष समारोह का आयोजन भी होगा। इस आयोजन को लेकर महासभा के युवा सदस्यों में अभी से खासा उत्साह देखा जा रहा है।
महासभा के महासचिव सुधीर कुमार सारस्वत ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही एक बड़ी समन्वय बैठक बुलाई जाएगी। इस आगामी बैठक में वरिष्ठ सदस्यों के साथ-साथ युवा कार्यकारिणी को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी ताकि तैयारियों में कोई कमी न रहे।
रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई इस बैठक में समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सत्यनारायण पारीक, सीताराम जोशी, हीरालाल शर्मा, श्यामलाल शर्मा, हुकमचंद शर्मा और सुरेश गौतम समेत बड़ी संख्या में उपस्थित विप्र बंधुओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।