सिरसा: गर्मी शुरू होते ही प्रशासन अलर्ट, पानी और सीवरेज की समस्या के लिए जारी हुए टोल-फ्री नंबर
सिरसा: गर्मी की दस्तक के साथ ही पीने के पानी की किल्लत और सीवरेज जाम की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जल एवं स्वच्छता सहयोग संगठन ने आम लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए विशेष हेल्पलाइन और टोल-फ्री नंबर जारी किए हैं, जिन पर अब घर बैठे सीधे अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है।
संगठन के जिला सलाहकार राकेश सोगलान ने जानकारी देते हुए बताया कि अब किसी भी नागरिक को अपनी शिकायत लेकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की कोई जरूरत नहीं है। विभाग ने पूरे जिले के लिए एक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5678 जारी कर दिया है। इसके अलावा, गलियों में सीवरेज जाम या गंदे पानी की निकासी से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए विशेष लैंडलाइन नंबर 01666-230455 भी जारी कर दिया है।
शहर या गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने या दूषित पानी आने की स्थिति में तुरंत समाधान के लिए अलग से 01666-234304 नंबर निर्धारित किया गया है। लोगों की त्वरित मदद सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने दो मोबाइल नंबर 9518092425 और 9306107528 भी सार्वजनिक किए हैं, जिन पर सीधा कॉल किया जा सकता है।
अधिकारियों के हवाले से यह सख्त हिदायत दी गई है कि इन नंबरों पर शिकायत दर्ज होते ही संबंधित फील्ड स्टाफ की तुरंत ड्यूटी लगाई जाएगी। अधिकारियों का पूरा प्रयास रहेगा कि दर्ज शिकायत का जल्द से जल्द और स्थायी निवारण किया जाए ताकि आमजन को भीषण गर्मी में पानी और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।