ऐलनाबाद: तलवाड़ा खुर्द में तेज रफ्तार अर्टिगा ने सड़क किनारे टहल रहे लोगों को मारी टक्कर, 1 महिला की मौत, 5 घायल
सिरसा। जिले के ऐलनाबाद उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव तलवाड़ा खुर्द के समीप सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सड़क किनारे टहल रहे परिवारों के सदस्यों को कुचल दिया। इस भीषण सड़क हादसे में एक 35 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात भोजन के बाद 35 वर्षीय सोनू पत्नी जगमोहन, उनके पति और दो बच्चे रोजाना की तरह सैर करने निकले थे। उनके साथ एक अन्य महिला और उसके परिवार के सदस्य भी चल रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अनियंत्रित अर्टिगा कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए इन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। कार की सीधी टक्कर इतनी भयानक थी कि 35 वर्षीय सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल हुए अन्य पांच लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। कार की टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आस-पास के ग्रामीण और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त वाहन और फरार चालक की तलाश कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद से गांव तलवाड़ा खुर्द में शोक की लहर है।