https://www.choptaplus.in/

सिरसा: राज कनाल नहर में डूबे दोनों युवकों के शव 24 घंटे बाद मसीतां हेड से बरामद

 
बणी गांव के निकट राज कनाल नहर में गोताखोरों द्वारा बचाव और तलाश अभियान

बणी (सिरसा)। बणी गांव के निकट राज कनाल नहर में नहाने के दौरान डूबे दो युवकों के शव 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने बरामद कर लिए हैं। गोताखोरों की टीम को दोनों शव राजस्थान क्षेत्र में मसीतां हेड के पास मिले। राजस्थान पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव उन्हें सौंप दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव के 6 युवक राज कनाल नहर में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान मोहित (पुत्र रोहताश) और मनीष (पुत्र राजकुमार) गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश अभियान शुरू किया गया।

मसीतां हेड के पास मिले शव, गांव में मातम

काफी प्रयासों के बाद 24 घंटे बाद मसीतां हेड के पास दोनों युवकों के शव मिले। राजस्थान पुलिस की कार्रवाई के बाद जब शव परिजनों को सौंपे गए, तो बणी गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मरने वाले दोनों युवक अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है।

सिरसा: रात भर बेटे को तलाशता रहा परिवार, सुबह डिग्गी में मिली लाश, 5 बहनों का था इकलौता भाई

ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा प्रबंध बढ़ाने की मांग

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने नहरों के आसपास सुरक्षा प्रबंध बढ़ाने की मांग रखी है। इसके अलावा, ग्रामीणों ने मांग की है कि लोगों को गहरे पानी और नहरों के प्रति सावधानी बरतने के लिए भी जागरूक किया जाए।
 

Rajasthan