गांव जमाल में बेटी के जन्म पर किया कुआं पूजन
नाथूसरी चौपटा। खंड के गांव जमाल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। गांव निवासी शंकर लाल जांगड़ा ने अपनी तीसरी बेटी प्रियांशी के जन्म की खुशी में बेटे की तरह कुआं पूजन (जलवा पूजन) कार्यक्रम आयोजित कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
इस अवसर पर परिवार ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। कार्यक्रम में आशा वर्कर कृष्णा, आंगनबाड़ी वर्कर सुनीता, दौलत राम, राम सिंह, इन्द्रपाल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने शंकर लाल और उनके परिवार की सोच की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
यह भी पढ़ें
तीन पीढ़ियों की सैन्य विरासत को आगे बढ़ाएंगी नीतू,
Haryana Farming Scheme: प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ देगी सरकार
शंकर लाल जांगड़ा और उनकी पत्नी कांता रानी ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी देविका 8 वर्ष की, दूसरी बेटी जीविका 3 वर्ष की है, जबकि सबसे छोटी बेटी प्रियांशी का जन्म करीब साढ़े तीन महीने पहले हुआ था। बेटी के जन्म की खुशी मनाने के लिए उन्होंने बेटों की तरह ही जलवा पूजन कार्यक्रम आयोजित किया।
उन्होंने कहा कि बेटा और बेटी में कोई अंतर नहीं है। वे अपनी तीनों बेटियों की अच्छी परवरिश करेंगे और उन्हें उच्च शिक्षा दिलाकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए हर संभव अवसर प्रदान करेंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और लोगों को बेटियों को समान अधिकार एवं सम्मान देने के लिए प्रेरित करते हैं। शंकर लाल जांगड़ा का यह कदम बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की भावना को मजबूत करने वाला है।
