रंधावा गांव में पंचायती झोटा शेरांवाली नहर में गिरा, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचाया
नाथूसरी चौपटा। क्षेत्र के गांव रंधावा में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब गांव का पंचायती झोटा अचानक शेरांवाली नहर में गिर गया। तेज बहाव और नहर की ऊंची दीवारों के कारण झोटा बाहर नहीं निकल पा रहा था, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता और साहस से उसकी जान बचा ली गई।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायती झोटा नहर पर पानी पीने के लिए आया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह शेरांवाली नहर में जा गिरा। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण झोटा काफी दूर तक बहता चला गया। नहर की ऊंची दीवारों के कारण वह स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ था।

घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग और गो सेवक मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए झोटे को बचाने के लिए अभियान शुरू किया। करीब एक किलोमीटर तक नहर के साथ-साथ दौड़ते हुए ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत और संघर्ष के बाद आखिरकार झोटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सिरसा की अन्य खबरें
गांव दड़बा कलां के समीप हिसार घग्घर सेमनाल में रिसाव, खेतों में जलभराव
सिरसा में पिंजरा मछली पालन के लिए सरकार दे रही है 60% सब्सिडी, जाने कैसे करें आवेदन
ग्रामीण सवाई सिंह, बलराम शर्मा, भरत सिंह राठौड़ एवं अन्य गो सेवकों ने बताया कि समय रहते सभी लोगों ने मिलकर प्रयास किया, जिससे पंचायती झोटे की जान बच गई। ग्रामीणों ने कहा कि यदि थोड़ी भी देरी हो जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
गांववासियों ने इस सफल बचाव अभियान में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों और गो सेवकों की सराहना की। घटना के बाद गांव में राहत का माहौल है और लोग ग्रामीणों की एकजुटता की प्रशंसा कर रहे हैं।
