Sirsa News: चौपटा के ढूकड़ा गांव में लूटपाट मामले में बड़ा खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
नाथूसरी चौपटा: ढूकड़ा गांव के खेतों में बनी एक ढाणी में घुसकर पति-पत्नी को बंधक बनाने और लूटपाट करने की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में चौपटा थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जल्द ही इन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
गांव ढूकड़ा निवासी गोपीराम सिहाग ने पुलिस को अपनी शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, कुछ नकाबपोश युवक उनकी ढाणी में घुसे और गोपीराम व उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। आरोपियों ने गोपीराम के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर दोनों पति-पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद लुटेरों ने पूरे घर की तलाशी ली। जब उन्हें घर में कुछ खास नहीं मिला, तो उन्होंने गोपीराम की पत्नी के कानों की बालियां और नाक का कोका जबरन छीन लिया। जाते समय नकाबपोश युवकों ने दंपति को जान से मारने की धमकी भी दी।
यह भी पढ़ें: Sirsa News: चेक बाउंस मामले में ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान मनजीत सिंह को 1 साल की सजा, देना होगा दोगुना जुर्माना
आखिर पुलिस कैसे पहुंची तीनों लुटेरों तक?
घटना के 5 मिनट बाद गोपीराम और उनकी पत्नी किसी तरह खिड़की से बाहर निकलने में कामयाब रहे। वे तुरंत पड़ोस में स्थित अपने परिवार की दूसरी ढाणी में पहुंचे और सारी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार वालों ने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को मौके पर बुलाया।
पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जमाल चौकी में अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए नाथूसरी चौपटा पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने गांव और आसपास के रास्तों में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिलते चले गए। इसी आधार पर पुलिस ने गांव ढूकड़ा निवासी दीपक (पुत्र मांगेराम) को पकड़ा। इसके साथ ही गांव धिंगतानियां के रहने वाले मदन (पुत्र दलबीर) और जगदीप (पुत्र परविंद्र सिंह) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। चौपटा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से इस पूरी वारदात की गुत्थी सुलझाई गई है। अब तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करके आगे की पूछताछ के लिए रिमांड मांगा जाएगा।
