नाथूसरी चौपटा में दिव्यांग जांच शिविर में कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण के लिए 65 व्यक्तियों का चयन
सिरसा। जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा ने अलीम्को (मौहाली) के सहयोग से बुधवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालय, नाथूसरी चौपटा में 'दिव्यांग जाँच शिविर' का आयोजन किया। इस शिविर में खंड के विभिन्न गांवों से आए दिव्यांग व्यक्तियों की जांच की गई, जिसमें 65 लोग कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण पाने के योग्य पाए गए। शिविर में सेप (SEP) दिनेश कुमार मेहता ने विशेष तौर पर शिरकत की।
65 दिव्यांग व्यक्ति कृत्रिम अंग व सहायक उपकरणों के लिए हुए चयनित
जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा के पवन कुमार ने बताया कि सोसायटी द्वारा प्रत्येक खंड में दिव्यांग व्यक्तियों की सहायता के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में मोटराइज्ड तिपहिया साइकिल, व्हील चेयर, श्रवण यंत्र, तिपहिया साइकिल, कृत्रिम अंग, वैसाखी और छड़ी के लिए योग्य दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। नाथूसरी चौपटा में आयोजित इस शिविर में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (अलीम्को) की टीम ने जांच की। टीम में डॉ. तुषार सिवाच, डॉ. उत्कर्ष वर्मा, सुमित खरब और लक्ष्य सिंगला शामिल थे। इन्होंने दिव्यांग व्यक्तियों की जांच कर 65 लोगों का चयन किया।
Sirsa: समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा ने नाथूसरी चौपटा CHC में टीबी मरीजों को उपलब्ध करवाई डाइट किट
सिरसा: मोक्ष धाम अरनियांवाली में सरपंच व युवाओं ने लगाए 250 से अधिक पौधे, उठाया साफ-सफाई का बीड़ा
कौन-कौन से उपकरण मिलेंगे और क्या हैं शर्तें?
शिविर में चयनित दिव्यांगजनों को निशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। रेडक्रॉस सोसायटी ने उपकरण वितरण के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं। ये उपकरण केवल उन्हीं दिव्यांगजनों या वरिष्ठ नागरिकों को दिए जाएंगे, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में रेडक्रॉस से कोई सहायक उपकरण प्राप्त नहीं किया है। बैटरी चालित तिपहिया साइकिल पांच वर्ष के अंतराल के बाद ही पुन: प्रदान की जाती है।
आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की होती है जरूरत?
शिविर में शामिल होने और सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए दिव्यांग व्यक्तियों को कुछ दस्तावेज साथ लाने अनिवार्य हैं। दिव्यांग व्यक्तियों को अपने साथ यू.डी.आई.डी. (UDID) कार्ड, आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र लाना होगा। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, जो श्रवण यंत्र या छड़ी लेना चाहते हैं, उन्हें आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र साथ लाना होगा।
इन गांवों के दिव्यांगजनों ने लाभ उठाया, अगला शिविर रविवार को
इस शिविर में नाथूसरी चौपटा क्षेत्र की कुम्हारिया, कागदाना, गिगोरानी, शकर मंदौरी, नाथूसरी कंला समेत खंड के कई गांवों के दिव्यांग व्यक्तियों ने जांच करवाई। शिविर में अलीम्को की टीम के साथ अक्षय कुमार और विकास कुमार ने भी अपनी सेवाएं दीं। जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा ने अगले शिविर की जानकारी भी दी है। रविवार को बीडीपीओ कार्यालय, बड़ागुड़ा में एक और दिव्यांग जाँच शिविर का आयोजन किया जाएगा।

