सिरसा: ओवरटेक के दौरान रोडवेज बस तूड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्राले से टकराई, 1 की मौत, 1 घायल
सिरसा/डबवाली। हरियाणा रोडवेज की एक बस के तूड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्राले को ओवरटेक करने के दौरान हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे सिरसा जिले के डबवाली खंड के मसीता गांव के पास की है। मृतक की पहचान मसीता गांव निवासी सोनी सिंह (22) पुत्र सुखपाल सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल सुशील (27) झूटी खेड़ा गांव का रहने वाला है। बस यात्रियों और ग्रामीणों के आक्रोश के कारण पुलिस को ड्राइवर को मुश्किल से थाने ले जाना पड़ा।
बस यात्रियों से खचाखच भरी थी
जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज की बस मंगलवार शाम डबवाली बस स्टैंड से वाया जीवनगर होते हुए रानियां की ओर जा रही थी। बस में करीब 80 से 90 सवारियां सवार थीं। डबवाली गांव पहुंचने पर ड्राइवर ने बस तेज रफ्तार में चलानी शुरू कर दी।
बस में सवार आकाशदीप ने बताया कि अलीका गांव से सवारियों को उतारने के बाद ड्राइवर ने बस की रफ्तार और बढ़ा दी। भारी संख्या में सवारियों के होने के बावजूद लोग बस की खिड़कियों में लटके हुए थे। मसीता गांव के पास जैसे ही बस ने आगे जा रहे तूड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्राले को ओवरटेक करने की कोशिश की, वैसे ही बस की पिछली खिड़की ट्राले से जा टकराई। इस टक्कर से खिड़की में खड़े दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
सिरसा की अन्य खबरें
सिरसा: जोधकां की बेटी सविता पूनिया को मिला पद्मश्री, जाने गांव से से राष्ट्रपति भवन तक का सफर
बस ने ट्राले को घसीटा, सड़क पर लगा जाम
बस इतनी तेज रफ्तार में थी कि ट्रैक्टर-ट्राले से टकराने के बाद भी वह कई मीटर तक उसे घसीटती हुई आगे बढ़ गई। गनीमत रही कि इस दौरान बस पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बस द्वारा ट्राले को घिसने के बाद सड़क मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया।
एक युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों युवकों को एक निजी वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। रास्ते में ही सोनी सिंह ने दम तोड़ दिया। वह डबवाली में सैलून का काम करता था और प्रतिदिन शाम को अपने गांव लौटता था। वहीं दूसरा घायल युवक सुशील, जो पेंटर है, को पहले डबवाली अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बठिंडा रेफर कर दिया गया। उसके मुंह और होठों पर गंभीर चोटें आई हैं।
यात्रियों ने भागते ड्राइवर को पकड़ा
घटना को अंजाम देने के बाद बस का ड्राइवर मौका पाकर भागने लगा, लेकिन बस में सवार लोगों ने उसका पीछा करके उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की गाड़ी के आगे बैठ गए ग्रामीण
मौके पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने जब ड्राइवर को गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाने की कोशिश की, तो ग्रामीणों और यात्रियों में आक्रोश फैल गया। उन्हें संदेह हुआ कि पुलिस कहीं ड्राइवर को छोड़ न दे। इसके बाद भारी संख्या में ग्रामीण पुलिस की गाड़ी के आगे बैठ गए और ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस को ग्रामीणों के उग्र तेवरों के बीच से ड्राइवर को बड़ी मशक्कत के बाद निकालकर थाने ले जाना पड़ा।
पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया
एएसआई बलविंदर सिंह ने ग्रामीणों को सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
